अनोखा तीर, हरदा। पुलिस अधीक्षक शंशाक सिंह द्वारा नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा एवं एसडीओपी हरदा शालिनी परस्ते के निर्देशन में थाना प्रभारी सिविल लाइन आर.एस. तिवारी द्वारा अवैध मादक पदार्थ विक्रय, संग्रहण व परिवहन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई हेतु टीम का गठन किया गया, जिसे अवैध गांजा पकड़ने में सफलता मिली। थाना सिविल लाइन हरदा में मुखबिर से अवैध मादक पदार्थ गांजा विक्रय की सूचना प्राप्त होने पर थाना प्रभारी निरीक्षक आर.एस. तिवारी के नेतृत्व में टीम द्वारा सूचना की तस्दीक की गई। टीम अमरलोक कॉलोनी के सामने एलबीएस कॉलेज रोड के पास पहुंची, जहां मुखबिर द्वारा बताए हुलिए का एक संदेही व्यक्ति दिखाई दिया, जो पुलिस को देखकर घबराकर इधर-उधर होने लगा। उसे हिकमत-अमली से रोककर नाम-पता पूछा गया, जिसने अपना नाम विनोद पिता मंगतूलाल कुचबंदिया, उम्र 40 वर्ष, निवासी टंकी मोहल्ला हरदा बताया। संदेही के हाथ में रखे हरे रंग के थैले की तलाशी लेने पर उसमें 1 किलो 330 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब 15 हजार रुपये आंकी गई, बरामद हुआ। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए मादक पदार्थ को जब्त किया गया। आरोपी विनोद कुचबंदिया को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध थाना सिविल लाइन हरदा में अपराध क्र. 131/2026, धारा 08/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है तथा उसे माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामसुमेर तिवारी, उपनिरीक्षक संदीप यादव, प्रधान आरक्षक दुर्गेश सेंगर, उमेश राजपूत, आरक्षक वीरेन्द्र राजपूत, सैनिक सूरज पासी एवं संतोष ओझा की विशेष भूमिका रही।

