परीक्षा में बड़ी लापरवाही : आधा इंग्लिश, आधा ईवीएस पेपर छपा

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-कक्षा पांचवीं की छात्रा के भविष्य पर सवाल
-डीपीसी अजय कुमार मिश्रा बोले … शिकायत पर होगी कार्रवाई
शेखर कौशल, देवास। शुक्रवार को शहर के कटी घाटी स्थित गुरुकुल एकेडमी हाई सेकेंडरी स्कूल की छात्रा की नारायण विद्या मंदिर क्र.1 में परीक्षा थी। परीक्षा के दौरान गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। कक्षा पांचवीं की छात्रा प्रियांशी जाधव (पिता निलेश जाधव) को आयोजित इंग्लिश विषय की परीक्षा में त्रुटिपूर्ण प्रश्नपत्र वितरित किए जाने का आरोप है। परिजनों के अनुसार, इंग्लिश विषय का प्रश्नपत्र कुल 60 अंकों का था और इसे दो पृष्ठों में प्रकाशित किया जाना था। लेकिन पहले पृष्ठ पर केवल 20 अंकों के इंग्लिश प्रश्न ही मुद्रित थे, जबकि दूसरे पृष्ठ पर 25 फरवरी को आयोजित होने वाले एनवायरनमेंटल स्टडी (ईवीएस) का प्रश्नपत्र छप गया। बताया जा रहा है कि छात्रा इस त्रुटि से अनभिज्ञ रही और इंग्लिश परीक्षा समझकर ईवीएस से संबंधित प्रश्नों के उत्तर भी उसी प्रश्नपत्र में लिख दिए। परीक्षा समाप्त होने के बाद जब छात्रा घर पहुंची और परिजनों ने प्रश्नपत्र देखा, तब इस गंभीर गड़बड़ी का खुलासा हुआ। अभिभावकों का कहना है कि प्रश्नपत्र की इस चूक के कारण छात्रा को पूर्ण अंक मिलने में बाधा आ सकती है, जिससे उसके वार्षिक परीक्षा परिणाम और शैक्षणिक भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। परिजनों ने शिक्षा विभाग से निष्पक्ष जांच, जिम्मेदारों पर कार्रवाई और छात्रा के हित में उचित समाधान की मांग की है।
अधिकारी का बयान
इस मामले में डीपीसी अजय कुमार मिश्रा ने कहा कि उन्हें इस संबंध में जानकारी मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है। यदि छात्रा या उसके अभिभावक औपचारिक शिकायत करते हैं, तो विभाग नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेगा। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि छात्रा के भविष्य को ध्यान में रखते हुए संवेदनशीलता के साथ निर्णय लिया जाएगा, रही बात पेपर मिस प्रिंट की तो यह बड़ी लापरवाही है इसकी शिकायत हम ऊपर करेंगे। अब देखना यह होगा कि शिक्षा विभाग इस लापरवाही को कितनी गंभीरता से लेता है और छात्रा को न्याय दिलाने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।

143 Views

Leave a Reply

error: Content is protected !!