आईएएस मनीष सिंह को फिर सौंपी जनसंपर्क की कमान 

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

 

पदभार ग्रहण कर मुख्यमंत्री से की सौजन्य भेंट 

दैनिक अनोखा तीर, हरदा। विधानसभा के बजट सत्र से पहले शुक्रवार रात को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा 11 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। जिसमें जनसंपर्क विभाग का प्रमुख दायित्व आईएएस मनीष सिंह को एक बार फिर सौपा गया है। उल्लेखनीय है कि पिछले विधानसभा चुनाव से पहले भी मनीष सिंह जनसंपर्क आयुक्त के पद पर पदस्थ हुए थे। जिन्होंने सरकार और मीडिया के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखते हुए सरकार की छबि निखारने में अहम भूमिका निभाई थी। गौरतलब हैं कि पिछले कुछ समय से जनसंपर्क आयुक्त दीपक सक्सेना और मीडिया कर्मियों एवं अखबारों के संपादकों के बीच खींचतान जैसी स्थिति के चलते सरकार की छबि खराब हो रही थी। हालात यह थे कि मीडिया तो दूर बल्कि स्वयं जनसंपर्क विभाग के अधिकारी कर्मचारी भी व्यवस्थाओं को लेकर नाराज चल रहे थे। लेकिन समय रहते ही मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने स्थिति को देखते हुए जनसंपर्क आयुक्त का दायित्व एक बार फिर आईएएस अधिकारी मनीष सिंह को सौंप दिया है। इंदौर को स्वच्छता का खिताब दिलाने वाले मनीष सिंह ने विधानसभा चुनाव से पहले जिला स्तर तक के समाचारपत्र संपादकों से सीधे संवाद स्थापित करते हुए न केवल उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान किया था, बल्कि पाठकों के बीच पठनीय अखबारों को शासकीय विज्ञापनों में भी प्राथमिकता दी थी। गौरतलब है कि 2009 बेंच के आईएएस मनीष सिंह पूर्व में इंदौर एसडीएम , भोपाल नगर निगम आयुक्त , इंदौर विकास प्राधिकरण सीईओ, इंदौर निगम आयुक्त, एमडी एकेवीएन इंदौर , इंदौर कलेक्टर, उज्जैन कलेक्टर एमडी मेट्रो, जनसंपर्क आयुक्त जैसे प्रमुख पदों पर काबिज रहे हैं। देर रात तबादला आदेश जारी होने उपरांत आज सुबह मनीष सिंह ने जनसंपर्क आयुक्त का कार्यभार ग्रहण करने पश्चात मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से सौजन्य भेंट की। उल्लेखनीय है कि श्री सिंह के पास आयुक्त जनसंपर्क एवं एमडी माध्यम के साथ साथ परिवहन सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। हम उम्मीद करते हैं कि पूर्व की तरह ही श्री सिंह जनसंपर्क विभाग के माध्यम से सरकार और मीडिया के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करते हुए पिछले कुछ समय से व्याप्त नकारात्मक माहौल को सकारात्मक बनाने में कामयाब होंगे। नवीन कार्य दायित्व मिलने पर दैनिक अनोखा तीर परिवार की ओर से हार्दिक मंगलकामनाएं, बधाई।

 

 

Views Today: 76

Total Views: 76

Leave a Reply

error: Content is protected !!