अनोखा तीर, हरदा। जिला कार्यक्रम अधिकारी राजा रंगारे के मार्गदर्शन में वन स्टॉप सेंटर, जिला हरदा द्वारा नेताजी सुभाष चंद्र बोस बालिका छात्रावास, हंडिया जिला हरदा में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर हरदा की केसवर्कर ऋतु राजपूत द्वारा उपस्थित बालिकाओं को उनके अधिकार, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। साथ ही महिलाओं से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। इस दौरान वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं को प्रदान की जाने वाली सेवाओं—जैसे आपातकालीन सहायता, चिकित्सीय सहायता, विधिक सहायता, पुलिस सहायता, मनोसामाजिक परामर्श, अस्थायी आवास (शेल्टर), पुनर्वास सहायता तथा 181 महिला हेल्पलाइन के बारे में विस्तारपूर्वक बताया गया। इसके अतिरिक्त 112, 1098, 1930 एवं 15100 हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। अंत में उपस्थित बालिकाओं एवं महिलाओं को सशक्तिकरण एवं सुरक्षित भविष्य की दिशा में सकारात्मक संदेश दिया गया।

