-पहले हो चुकी है पत्नी की मौत
-आक्रोशित नागरिकों ने बस स्टैंड पर किया चक्काजाम
अनोखा तीर, सतवास। नगर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान हुए आत्मदाह प्रकरण में गुरुवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। नाली अतिक्रमण हटाने को लेकर हुए विवाद में आत्मदाह करने वाले दंपति में से पति संतोष व्यास का गुरुवार सुबह निधन हो गया। इससे पहले 11 जनवरी को उनकी पत्नी जयश्री व्यास की मौत हो चुकी थी। जानकारी के अनुसार संतोष व्यास का निधन इंदौर में इलाज के दौरान सर्जरी के समय हुआ। वे बीते एक माह से अधिक समय से गंभीर अवस्था में उपचाररत थे।
संतोष व्यास के निधन की सूचना मिलते ही परिजन, ब्राह्मण समाज के लोग और स्थानीय नागरिक आक्रोशित हो गए। सभी ने सतवास बस स्टैंड के पास मुख्य मार्ग पर बैठकर चक्काजाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह बंद हो गया। यह चक्काजाम करीब चार घंटे तक जारी रहा। उल्लेखनीय है कि 24 दिसंबर को सतवास थाना क्षेत्र में नाली अतिक्रमण हटाने को लेकर हुए विवाद के दौरान संतोष व्यास और उनकी पत्नी ने आत्मदाह कर लिया था, जिसमें दोनों गंभीर रूप से झुलस गए थे। इलाज के दौरान पहले 11 जनवरी को जयश्री व्यास की मौत हुई और अब गुरुवार को संतोष व्यास ने भी दम तोड़ दिया।
प्रदर्शन कर रहे परिजन और समाजजनों की मांग थी कि आत्मदाह प्रकरण में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए, पूरे मामले की निष्पक्ष और शीघ्र जांच कराई जाए, पीड़ित परिवार को मुआवजा व सहायता दी जाए तथा भविष्य में इस तरह की कार्रवाई से पहले जनसुनवाई और संवाद की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। परिजन उस समय के सतवास तहसीलदार अरविंद दिवाकर, नगर परिषद सीएमओ चुन्नीलाल जोनवाल सहित अन्य लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
प्रदर्शन के दौरान क्षेत्रीय विधायक मुरली भंवरा के खिलाफ भी नारे लगाए गए। 44 दिन बीत जाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति भारी नाराजगी देखी गई। सूचना मिलने पर कन्नौद एसडीओपी आदित्य तिवारी और एसडीएम कन्हैयालाल तिलवारी मौके पर पहुंचे और परिजनों व समाज के लोगों से चर्चा कर लिखित में आश्वासन दिया कि तीन दिवस के भीतर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चार से अधिक थानों का पुलिस बल तैनात किया गया। कन्नौद एसडीओपी आदित्य तिवारी ने बताया कि 24 दिसंबर को सतवास थाना क्षेत्र में पति-पत्नी द्वारा आत्मदाह की घटना हुई थी, जिसमें 11 जनवरी को महिला की मृत्यु हो गई थी और गुरुवार सुबह करीब सात बजे उनके पति संतोष व्यास का भी निधन हो गया। इसी के चलते नागरिकों द्वारा चक्काजाम किया गया था। प्रशासन द्वारा जल्द जांच पूरी कर, अपराध पाए जाने की स्थिति में विधिसंगत कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद चक्काजाम समाप्त कराया गया। करीब चार घंटे तक चले चक्काजाम के कारण मुख्य मार्ग पर आवागमन बाधित रहा। संतोष व्यास का शव दोपहर करीब तीन बजे सतवास लाया गया। देर शाम स्थानीय मुक्तिधाम में भारी पुलिस बल की उपस्थिति में उनका अंतिम संस्कार किया गया। एक ही परिवार में पति-पत्नी की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

Views Today: 2
Total Views: 78

