Skip to content
Monday, 26 October 2026
देवास

वाहन किराए का फर्जी एग्रीमेंट कर करोड़ों की धोखाधड़ी

2 min read
Text Size:

– 1.65 करोड़ के 18 वाहन जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

अनोखा तीर, देवास। पुलिस ने वाहन धोखाधड़ी के एक मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने राजेश्वरी ट्रैवल्स के नाम से चल रहे फर्जी कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए 1.65 करोड़ रुपए की कीमत के 18 चार पहिया वाहन जब्त किए हैं। मामले में एक आरोपी सावन उर्फ अमन कौशल 25 वर्ष को गिरफ्तार किया गया है। दूसरा आरोपी युवराज सिंह चौहान फरार है। आरोपियों ने राजेश्वरी ट्रैवल्स के नाम से एजेंसी खोली थी। वे वाहन मालिकों से संपर्क कर उनके वाहनों को एजेंसी से अटैच करने का झांसा देते थे। पुलिस के अनुसार आरोपी वाहन मालिकों से किराए का एग्रीमेंट करते थे। शुरुआती एक-दो महीने तक किराया देते थे। इसके बाद भुगतान बंद कर देते थे। वाहन मांगने पर लौटाते नहीं थे। आरोपी इन वाहनों को अपने फायदे के लिए दूसरों को गिरवी रख देते थे। मामला 31 मार्च को सामने आया। उज्जैन के रायपुरा गांव के भगवान सिंह सोलंकी ने बैंक नोट प्रेस थाने में शिकायत दर्ज कराई। एसपी पुनीत गेहलोद के निर्देश पर थाना प्रभारी अमित सोलंकी के नेतृत्व में टीम बनाई गई। टीम ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

538 Views
What do you think?

Leave a Reply