Skip to content
Thursday, 26 November 2026
भोपाल

चहेते ठेकेदार को नियम विरुद्ध कार्यादेश देने और भुगतान करने पर फंसे डीएफओ, चार्जशीट देने की तैयारी

4 min read

 

– लघुवनोपज संघ ने शासन को भेजा प्रस्ताव

गणेश पांडे, भोपाल। चहेते ठेकेदार को नियम विरुद्ध कार्यादेश देने और भुगतान करने पर डीएफओ उत्पादन बालाघाट अभिनव पल्लव को आरोप पत्र जारी करने का प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। इस आशय की पुष्टि लघु वनोपज संघ के एमडी विभाष ठाकुर ने की है। डीएफओ पल्लव ने एक ही ठेकेदार एवन कंस्ट्रक्शन कंपनी पर मेहरबानी दिखाते हुए 2021-22 में किए गए टेंडर के आधार पर कार्यादेश जारी किया और फिर उसका भुगतान भी कर दिया है। पिछले महीने वन बल प्रमुख असीम श्रीवास्तव के गृह नगर बालाघाट के दौरे दौरान शिकायत हुई कि ठेकेदार एवन कंस्ट्रक्शन कंपनी को नियम विरुद्ध सप्लाई और नलकूप खनन का आर्डर दे दिया। इतना ही नहीं संबंधित कार्यों का भुगतान भी कर दिया। चूंकि नलकूप खनन का कार्य लघुवनोपज संघ के बजट से कराया गया था, इसलिए एमडी विभाष ठाकुर ने शिकायत की जांच महिला आईएफएस संध्या से कराई। जांच में शिकायत सही पाई गई है। शिकायत सही पाए जाने पर फेडरेशन की प्रबंधक अर्चना पटेल ने डीएफओ पल्लव को कारण बताओ नोटिस जारी किया। नोटिस के संदर्भ में डीएफओ का जबाव समाधान कारक नहीं होने पर संघ ने उनके खिलाफ आरोप पत्र बनाकर जारी करने के लिए शासन को भेज दिया है। बावजूद इसके राज्य शासन ने डीएफओ अभिनव पल्लव पर अभी तक आरोप पत्र जारी नहीं किया है।

 नलकूप खनन में हुआ भ्रष्टाचार

वित्तीय वर्ष 2023-24 में जिला लघु वनोपज संघ उत्तर बालाघाट में नलकूप खनन के नाम पर भ्रष्टाचार किया गया है। डीएफओ अभिनव पल्लव ने नलकूप खनन का नियम विरुद्ध एक वर्ष बाद भुगतान किया है। जांच में पाया गया है कि जून 2023 में 13 नलकूप खनन कार्य के आदेश दिए गए थे। जिसमें से 7 नलकूप खनन कार्यों का 7 लाख 75 हजार 800 रुपए का भुगतान एक वर्ष बाद 27 जून 2024 को किया गया है। प्रबंध संचालक जिला लघु वनोपज सहकारी संघ मर्यादित दक्षिण सामान्य वनमंडल बालाघाट ने 12 नवंबर 2024 को एक पत्र जारी किया था, जिसमें उल्लेख किया था कि जून 2024 में डीएफओ अभिनव पल्लव 18 से 28 जून 2024 तक अतिरिक्त प्रभार पर थे। इसी अतिरिक्त प्रभार में ही डीएफओ अभिनव पल्लव ने जून 2023 में कराए गए खनन कार्यों का भुगतान कर दिया।

बगैर निविदा के एवन कंस्ट्रक्शन कंपनी को दिया ठेका

जांच में पाया गया कि वर्ष 2020-21 में आंमत्रित निविदा को आपसी सहमति से अगले वित्तीय वर्ष तक नियम विरुद्ध बढ़ा दिया गया। वर्ष 2021-22 में बगैर निविदा के एवन कंस्ट्रक्शन कंपनी को पुरानी दर पर ही मार्च 2023 तक सामग्री प्रदान किए जाने का ठेका दिया गया। ठेकेदार से सामग्री क्रय की गई, जो कि नियम विरुद्ध है।

ठेकेदार फहीम खान को पहुंचाया वित्तीय लाभ

डीएफओ अभिनव पल्लव ने एवन कंस्ट्रक्शन कंपनी के ठेकेदार फहीम खान को वित्तीय लाभ पहुंचाने के लिए नियमों को ताक पर रख दिया। उत्तर सामान्य वन मंडल बालाघाट द्वारा वर्ष 2022-23 में जेम पोर्टल में निविदा निकाली गई थी। लेकिन व्यक्ति विशेष को लाभ पहुंचाने की मंशा से डीएफओ ने अन्य निविदाकारों से ऐसे दस्तावेज मांग लिए जो कि तकनीकी रुप से ठेकेदार उपलब्ध नहीं करा पाए। जिसके चलते पूर्व में प्रचलित दर पर निविदा की अवधि में वृद्धि कर एक ही ठेकदार को सामग्री आपूर्ति का ठेका दे दिया गया।

31 लाख रुपए का टेंडर, 1 करोड़ 87 लाख रुपए कार्यादेश

जांच में यह भी पाया गया कि वर्ष 2023-24 में जेम पोर्टल में बिड टेंडर 31 लाख रुपए का था। लेकिन 1 करोड़ 87 लाख 89 हजार रुपए (जिसमें सामग्री 1 करोड़ 31 लाख 52 हजार रुपए और मजदूरी 56 लाख 37 हजार रुपए) में ही 18 निर्माण कार्यों के लिए ठेकेदार से सामग्री क्रय करना दिखाया गया है। जो कि बिड टेंडर राशि से काफी अधिक है।

पुरानी दर पर ही बढ़ाई ठेके की अवधि

शिकायत जांच में यह भी पाया गया कि वर्ष 2024-25 के लिए पुराने दर पर ही ठेके की अवधि बढ़ा दी गई। जांच प्रतिवेदन में उल्लेख किया गया है कि डीएफओ उत्तर सामान्य वन मंडल बालाघाट ने 16 जुलाई 2024 को मियाद वृद्धि के लिए कार्यवाही की थी। जिसमें जेम पोर्टल पर सफल प्रदायकर्ता एवन कंस्ट्रक्शन, मेसर्स आनंद अग्रवाल और मेसर्स सौरभ अग्रवाल की फर्म ने वर्ष 2024-25 में भी वर्ष 2023-24 की दरों पर सामग्री प्रदाय करने के लिए लिखित सहमति दी थी। जिसके आधार पर पुराने दर पर एक ही फर्म की ठेका अवधि बढ़ा दी गई।

इनका कहना है….

इस मामले में जो जांच प्रतिवेदन प्राप्त हुआ है। डीएफओ के खिलाफ आरोप पत्र जारी करने के लिए राज्य शासन को भेज दिया है।

-विभाष ठाकुर, एमडी, लघु वनोपज संघ

454 Views
454 Views
Share:
What do you think?

Leave a Reply