Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
भोपाल मध्य प्रदेश

शहर को मिलेगी एक और फ्लाई ओवर की सौगात

2 min read
Text Size:

मुख्यमंत्री डॉ. यादव जल्द करेंगे भूमि-पूजन
मंत्री श्री सारंग ने किया प्रभात चौराहे पर फ्लाई ओवर निर्माण स्थल का निरीक्षण

सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने प्रभात चौराहे पर प्रस्तावित फ्लाई ओवर ब्रिज निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। मंत्री श्री सारंग ने बताया कि प्रभात चौराहे पर नीचे ट्रैफिक, ऊपर फ्लाई ओवर और उसके ऊपर मेट्रो भी चलेगी। इससे रहवासियों को आवागमन में सुविधा होगी।

रेलवे स्टेशन जाना होगा सुगम

मंत्री श्री सारंग ने कहा कि यह क्षेत्र के रहवासी सहित भोपाल और बीएचईएल के लोगों के लिये सौगात है। इस सुविधा से ट्रैफिक और रेल्वे स्टेशन की ओर जाने वाले लोगों को राहत मिलेगी। मंत्री श्री सारंग ने प्रस्तावित स्थल का जिला प्रशासन के अधिकारियों सहित पीडबल्यूडी ब्रिज, मेट्रो, नगर निगम, विद्युत वितरण कंपनी, पुलिस और राजस्व के अधिकारियों के साथ संयुक्त दौरा किया।

समिति करेगी विभागीय समन्वय

मंत्री श्री सारंग ने कहा कि कार्य को समय-सीमा में पूर्ण करने के लिये समिति बनाई गई है। यह समिति सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य को गति देगी। समिति कार्य में आ रही बाधाओं एवं कठिनाईयों को सामने लाकर दूर करने का प्रयास करेगी। समिति संबंधित विभागों के साथ समय-समय पर बैठक करेगी और एक टाइम लाईन बनायेगी। लगभग 8 से 9 माह में फ्लाई ओवर तैयार करने की योजना है।

ग्रेड सेपरेशन और मेट्रो की कार्य योजना

मंत्री श्री सारंग ने बताया कि भोपाल के लिये यह सौगात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भूमि-पूजन कर देंगे। उन्होंने बताया कि आईटीआई तिराहे से बोगदा पुल तक आरओबी के विकास की योजना में सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य करेंगे। ग्रेड सेपरेशन और मेट्रो की कार्य योजना को जल्द ही फाइनल किया जायेगा।

लेफ्ट टर्न क्लियरेंस पर ध्यान

मंत्री श्री सारंग ने कहा कि उपरोक्त कार्य में प्राथमिकता के आधार पर लेफ्ट टर्न क्लियर विकास पर ध्यान दिया जायेगा। मेट्रो तथा पीडबल्यूडी आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे। मंत्री श्री सारंग ने केपिटल पट्रोल पंप के पास स्थित नाले पर पुलिया के चौड़ीकरण तथा सर्विस रोड़ का कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश लोक निर्माण अधिकारियों को दिये। इस मौके पर महापौर श्रीमती मालती राय सहित अन्य जन-प्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

478 Views
What do you think?

Leave a Reply