क्षेत्र के दो युवक नाला पार करते समय बहे

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM


– युवकों को ढूंढने का किया जा रहा प्रयास

अनोखा तीर सोहागपुर। नर्मदापुरम जिला सहित अन्य जिलों में इन दिनों भारी बारिश की चेतावनी मौसम विभाग द्वारा जारी की जा रही है। शुक्रवार रात भी जब मौसम विभाग द्वारा शहरी और इसके आसपास के ग्रामीण क्षेत्र में भारी बारिश की चेतावनी दी गई तो सोहागपुर प्रशासनिक अधिकारी अलर्ट पर रहे। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मध्य रात्रि में ही ग्राम शोभापुर, माछा, गुरारी, रेवा बनखेड़ी का दौरा किया और हालात का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों के साथ बचाव राहत दल भी उपस्थित था। जिनके द्वारा बाढ़ की स्थिति को देखते हुए राहत बचाव की तैयारियों का निरीक्षण भी किया गया। इस दौरान ग्राम गुरारी में एकत्रित लोगों ने प्रशासनिक अमल को जानकारी दी कि ग्राम रायसेन जिले के ग्राम बामनबाड़ा और मोतलसिर के बीच दो युवक दूधिया नाले की पुलिया को पार करते समय बह गए हैं। जिसमें एक युवक भटगांव और दूसरा ग्राम गुरारी का रहने वाला था। वहीं एक अन्य युवक को ग्रामीणों ने बचा लिया। घटना की सूचना एसडीएम विजेंद्र रावत द्वारा तत्काल रायसेन जिले के बरेली प्रशासन को दी गई। इसके बाद पर बरेली प्रशासन हरकत में आया और भारकच्छ थाना प्रभारी मौके पर दोनों युवकों को ढूंढने के लिए निकले। परंतु रास्ते के नाले में पानी अत्यधिक होने से बचाव दल मौके तक नहीं पहुंच पाया। मामले को लेकर एसडीएम विजेंद्र रावत से बात की गई तो उनका कहना है कि जब हम संभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे थे तो ग्राम गुरारी में कुछ लोगों की भीड़ लगी देखी, जब उनसे पूछा तो उन्होंने बताया कि दो युवक रायसेन जिले के बामनबाड़ा के पास नाला पार करते समय बह गए हैं। जिसकी सूचना बरेली एसडीएम को हमारे द्वारा दी गई। सूचना के बाद बरेली एसडीएम बचाव दल के साथ मौके पर पहुंच रहे थे। परंतु रास्ते में नाले में अधिक पानी होने से वह मौका स्तर पर नहीं पहुंच पाए। आज सुबह से युवकों को ढूंढने का प्रयास बरेली प्रशासन द्वारा किया जा रहा है। संभावित बाढ़ प्रभावित ग्रामों का दौरा करने के दौरान एसडीएम विजेंद्र रावत, तहसीलदार अलका इक्का, जनपद पंचायत सीईओ संजय अग्रवाल सहित पटवारी एवं राहत बचाव दल उपस्थित रहा।

284 Views

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!