अनोखा तीर, हरदा। भारत रत्न, संविधान निर्माता डॉ.भीमराव अम्बेडकर की जयंती जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में सादगी के साथ मनाई गई। इस दौरान कांग्रेसजनों ने अम्बेडकर चौराहे पर स्थित डॉ.भीमराव की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। विधायक डॉ.आरके दोगने ने कहा कि समाज के शोषित और वंचित तबके के लोगों को आवाज देने वाले डॉ.अंबेडकर ने अपना पूरा जीवन उनके उत्थान में लगा दिया और जीवन भर उनके हक की लड़ाई लड़ते रहे। अपना सम्पूर्ण जीवन देश को समर्पित किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओम पटेल ने कहा कि अम्बेडकर जी ने जिस स्वर्णिम भारत का सपना देखा है उसे शिक्षा प्राप्त करके पूरा किया। देशहित में अपना अभूतपूर्ण योगदान दिया। बैतूल लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रामू टेकाम ने कहा कि बाबा साहब ने भारत की आजादी की लड़ाई के साथ ही सम्पूर्ण राष्ट्र के लिए संविधान निर्माण की भी जिम्मेदारी उठाई। एक दलित परिवार से होने के कारण बाबासाहेब ने अपने जीवन में बहुत यातनाएं झेलीं, जिसके बाद उन्होंने समाज में सभी जाति के लोगों को एक जैसा अधिकार दिलाने की लड़ाई भी लड़ी और उसमे वह सफल भी हुए। पूर्व नपा अध्यक्ष हेमंत टाले ने कहा कि बाबासाहेब ने समाज से विभेद हटाने को अपना लक्ष्य बना लिया था और इसकी पूर्ति करने के लिए उन्होंने पढ़ाई को हथियार बनाया और एक सुव्यवस्थित संविधान देकर देश कि उन्नति में अपना योगदान दिया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद व्यास ने कहा कि डॉ अंबेडकर ने संविधान निर्माण के साथ ही देशभर से जाति प्रथा और समाज में कुव्यवस्था को खत्म करने में अहम भूमिका निभाई थी। इस दौरान विजय सूरमा, बीके दीक्षित, रमेश सोनकर, महेश मालवीय, राकेश सूरमा, गोरेलाल सिसोदिया, सतीश राजपूत, संदीप गौर, ज्ञानदास गुर्जर, पुरषोत्तम कलम, लोकेश कलमे, धर्मेन्द्र सिंह चौहान सहित समस्त कांग्रेसजन मौजूद रहे।


