Skip to content
Thursday, 5 November 2026
हरदा

हरदा में बिजली चोरी के खिलाफ दो दिवसीय अभियान

2 min read
Text Size:

– 389 प्रकरण दर्ज, 97.42 लाख रुपए की बिलिंग
अनोखा तीर, हरदा। मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के हरदा वृत्त द्वारा बिजली चोरी एवं विद्युत ऊर्जा के अनधिकृत उपयोग के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान जिले में कुल 389 प्रकरण दर्ज किए गए तथा संबंधित उपभोक्ताओं पर 97.42 लाख रुपए की बिलिंग की गई। बताया गया कि हरदा वृत्त के महाप्रबंधक सुरेश कुमार के निर्देशन में 2 से 4 नवंबर 2026 तक संचालित इस अभियान के लिए 24 विशेष जांच दल गठित किए गए थे। इन दलों ने जिले के विभिन्न वितरण केंद्रों एवं चिन्हित क्षेत्रों में अचानक जांच कर बिजली चोरी और विद्युत के अनधिकृत उपयोग के मामलों का पता लगाया। जांच के दौरान विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 126 के तहत अनधिकृत विद्युत उपयोग तथा धारा 135 के तहत बिजली चोरी के कुल 389 प्रकरण तैयार किए गए। इन प्रकरणों में कुल 97.42 लाख रुपए की बिलिंग की गई है।
नोटिस जारी कर की जाएगी राशि की वसूली
विद्युत वितरण कंपनी द्वारा सभी चिह्नित उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। साथ ही निर्धारित राशि की वसूली के लिए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कंपनी प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी एवं अनधिकृत विद्युत उपयोग के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे वैध विद्युत कनेक्शन का ही उपयोग करें तथा बिजली चोरी अथवा किसी भी प्रकार की विद्युत अनियमितता से बचें। कंपनी ने कहा है कि बिजली चोरी से वितरण कंपनी को आर्थिक नुकसान होने के साथ ही विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता भी प्रभावित होती है, जिसका असर अन्य उपभोक्ताओं पर भी पड़ता है। सुचारू एवं व्यवस्थित विद्युत वितरण व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपेक्षा की गई है।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply