– पत्रकारवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने दी प्रतिक्रिया, राहुल पटेल ने मानहानि का दावा करने की कही बात
अनोखा तीर, हरदा। सांसद प्रतिनिधि कमल पटेल द्वारा हाल ही में आयोजित पत्रकारवार्ता में कांग्रेस नेताओं और विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने पर लगाए गए आरोपों के बाद मंगलवार को विधायक निवास पर कांग्रेस नेताओं ने पत्रकारवार्ता कर अपना पक्ष रखा। विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन साईं और विधायक प्रतिनिधि राहुल पटेल ने कमल पटेल के आरोपों को निराधार बताते हुए उन पर राजनीतिक बयानबाजी करने का आरोप लगाया। विधायक डॉ. दोगने ने कहा कि कमल पटेल लंबे समय से उनके और कांग्रेस पार्टी के खिलाफ आरोप लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें अपने आरोपों के समर्थन में ठोस तथ्य सार्वजनिक करने चाहिए। उन्होंने कहा कि बेबुनियाद आरोपों से राजनीतिक छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन साईं ने कहा कि कमल पटेल विधायक डॉ. दोगने के खिलाफ लगातार बयान देकर मीडिया में बने रहने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कमल पटेल के कृषि मंत्री रहते हुए जिले में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी होने के आरोप भी लगाए। वहीं, विधायक प्रतिनिधि राहुल पटेल ने कहा कि 3 नवंबर की रात आयोजित पत्रकारवार्ता में उन्हें हत्यारा कहकर संबोधित किया गया, जिससे उनकी और उनके परिवार की छवि प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि संबंधित मामला न्यायालय में विचाराधीन है और न्यायालय के निर्णय से पहले किसी को दोषी ठहराना उचित नहीं है। राहुल पटेल ने कमल पटेल से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग करते हुए कहा कि ऐसा नहीं होने पर वह मानहानि का दावा करेंगे। पत्रकारवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने कमल पटेल द्वारा लगाए गए आरोपों के समर्थन में सार्वजनिक रूप से प्रमाण प्रस्तुत करने की चुनौती भी दी।






