-67 हितग्राहियों के खातों में पहुंचे 38 लाख
– नपाध्यक्ष की पहल से हितग्राहियों के बैंक खातों में पहुंची आवास की पहली, दूसरी एवं अंतिम किस्त
अनोखा तीर, हरदा। दीपावली के पावन पर्व पर स्थानीय नगर पालिका परिषद द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को बड़ी राहत एवं सौगात प्रदान की गई है। दीपावली की खुशियों को दोगुना करते हुए योजना अंतर्गत वर्ष 2017-18 एवं 2020-21 की डीपीआर में स्वीकृत आवासों के 67 हितग्राहियों के बैंक खातों में कुल 38 लाख रुपए की राशि अंतरित की गई है। नगर पालिका परिषद द्वारा हितग्राहियों को आवास निर्माण की शेष राशि उपलब्ध कराते हुए 60 हितग्राहियों के खातों में 50-50 हजार रुपए के मान से कुल 30 लाख रुपए, 5 हितग्राहियों के खातों में 1-1 लाख रुपए के मान से कुल 5 लाख रुपए तथा 2 हितग्राहियों के खातों में 1.50-1.50 लाख रुपए के मान से कुल 3 लाख रुपए की राशि सीधे बैंक खातों में जमा कराई गई। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती राजू कमेडिया ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना शासन की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, जिसका उद्देश्य हर जरूरतमंद परिवार को पक्की छत उपलब्ध कराना है। दीपावली जैसे शुभ अवसर पर 67 परिवारों के खातों में 38 लाख रुपए की राशि पहुंचना हर्ष का विषय है। इससे हितग्राहियों को अपने आवास निर्माण को पूर्ण करने में मदद मिलेगी और उनके परिवारों के जीवन में खुशियों की नई रोशनी आएगी। उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद हरदा का निरंतर प्रयास है कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं और उनके जीवन स्तर में सुधार के लिए नगर पालिका परिषद पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। दीपावली के अवसर पर मिली इस सौगात से प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों में खुशी की लहर है। 67 परिवारों के लिए यह आर्थिक सहायता केवल एक किस्त नहीं, बल्कि अपने सपनों के पक्के आशियाने को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
दीपावली पर्व पर पीएम आवास योजना के हितग्राहियों को नपा की सौगात

Text Size:
0 Views
What do you think?






