– घंटाघर और मुख्य बाजार में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
-पार्किंग के लिए मिडिल स्कूल मैदान सहित कई स्थान तय
अनोखा तीर, हरदा। दीपावली पर बाजारों में खरीदारी के लिए उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। इसके तहत घंटाघर, मुख्य बाजार और आसपास के मार्गों पर वाहनों के आवागमन में बदलाव किया गया है। नई व्यवस्था 5 नवंबर से दीपावली तक लागू रहेगी। खंडवा रोड से घंटाघर होते हुए शहर आने वाले वाहन नार्मदेव धर्मशाला, शनि मंदिर, जत्रापड़ाव, हाजी चौक और राजमा चौक होते हुए चांडक चौक पहुंच सकेंगे। वहीं चांडक चौक से खंडवा रोड जाने वाले वाहन राजमा चौक, जत्रापड़ाव, शनि मंदिर, नार्मदेव धर्मशाला और खेड़ीपुरा नाका होकर निकलेंगे। इन मार्गों पर जत्रापड़ाव, शनि मंदिर और नार्मदेव धर्मशाला के पास पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। स्टेट बैंक तिराहा से टांक चौराहा के बीच मिडिल स्कूल के सामने लगने वाले दीपावली बाजार के कारण इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। यहां वाहनों की पार्किंग मिडिल स्कूल के मैदान में गेट नंबर 1 और 2 से की जा सकेगी। टांक चौराहा से चांडक चौक के बीच बाजार आने वाले वाहन भी मिडिल स्कूल के मैदान में पार्क किए जा सकेंगे। इसके अलावा सोमानी एम्पोरियम और कोठारी वाली गली से बड़ा मंदिर होते हुए घंटाघर तक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। फटाका बाजार क्षेत्र में बजाज शोरूम से सरस्वती स्कूल होते हुए नेशनल हाईवे की ओर आने-जाने वाले भारी वाहनों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। दोपहिया वाहनों की पार्किंग फटाका बाजार मैदान में तथा चारपहिया वाहनों की पार्किंग आरआर सिटी कॉलोनी के पास वाली कॉलोनी में निर्धारित की गई है। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि दीपावली की खरीदारी के दौरान निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और बाजार में अनावश्यक रूप से वाहन ले जाने से बचें, ताकि भीड़ के बीच आवागमन सुगम और सुरक्षित बना रहे।






