Skip to content
Wednesday, 21 October 2026
देवास

राहुल गांधी के नेतृत्व में ही कांग्रेस खत्म होगी : शिवराज

5 min read
Text Size:

 

 

प्रदीप साहू, खातेगांव। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार को विदिशा संसदीय क्षेत्र की खातेगांव विधानसभा के ग्राम बोरदा में लाड़ली बहना सम्मेलन में सम्मिलित हुए। उन्होंने नर्मदा मैया की पूजा-अर्चना कर देश व प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की। इस दौरान पूर्व सीएम ने कहा कि देश और जनता की सेवा मेरी जिंदगी का एक मिशन है। जनता की सेवा ही मेरे लिए भगवान की पूजा है, क्योंकि मैं मानता हूं यह जीवित जागृत देवी-देवता बैठे हैं और उन्हें मैं बारंबार प्रणाम करता हूं। बेटियां मेरे लिए साक्षात देवियां हैं, इसलिए भारत की राजनीति में हर कार्यक्रम बेटियों का पूजन करके ही शुरू करें, यह पहल भी मध्य प्रदेश में हमने प्रारंभ की है। उन्होंने कहा कि मैं आनंदित और प्रसन्न हूं कि मुझे आपकी सेवा करने का मौका मिला है। वहीं खातेगांव के अलग-अलग गांवों में श्री चौहान का भव्य स्वागत किया गया। साथ ही उन्होंने दीवार लेखन और घर-घर जाकर लाभार्थियों से संपर्क भी किया।

राहुल गांधी कांग्रेस को खत्म करके ही मानेंगे

पूर्व सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हैं, जिन्होंने भारत को विश्व गुरु बनाने की ठानी है, संपूर्ण विकसित भारत का संकल्प लिया है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में हम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। एक तरफ मोदी सरकार की योजना और दूसरी तरफ मध्य प्रदेश सरकार की योजना है। प्रधानमंत्री मोदी के सामने हैं कौन राहुल गांधी.. भगवान श्री राम का मंदिर बने यह हर भारतवासी की इच्छा थी और जब प्राण प्रतिष्ठा का समय आया तो कांग्रेस को भी निमंत्रण दिया तो उन्होंने कहा की हम नहीं आएंगे, उनके करम ही फूटे थे। पूरा देश आनंद और उत्सव मना रहा था, खुशियां मनाई जा रही थी, लेकिन कांग्रेस अब इतने उल्टे फैसलें कर रही है कि कांग्रेस अब बचने वाली नहीं है, राहुल गांधी कांग्रेस को पूरी तरह खत्म करके ही मानेंगे।

लाड़ली बहनों, भांजियों का आशीर्वाद

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को विदिशा लोकसभा की खातेगांव विधानसभा के अलग-अलग ग्रामों में प्रचार किया। इस दौरान बहनें अपने साथ गुल्लक लेकर पहुंची। इन गुल्लक पर विजय भव लिखा हुआ था। बहनों ने भैया शिवराज को पैसों से भरे गुल्लक के साथ ही विजय भव का आशीर्वाद दिया। वहीं भांजियों ने भी अपने मामा को चुनाव लड़ने के लिए पैसे दिए। पूर्व सीएम ने भांजियों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया तो बहनों ने उनके सिर पर हाथ रख, परचम लहराने का आशीर्वाद दिया। इस दौरान पूर्व सीएम ने कहा कि जनता का अद्भुत प्रेम और स्नेह मिला, मेरी बहनें आई 10-10, 20-20 रूपए मेरे हाथ में रख दिए चुनाव लड़ने के लिए। जब से खातेगांव विधानसभा में प्रवेश किया तब से यह क्रम चल रहा है। गरीब बहनें आती हैं और सिर पर हाथ रखती हैं गले लगती है और मुझे पैसा देती है, मैं धन्य हो गया हूं। बहनों के 10 रूपए मेरे लिए किसी दौलत से कम नहीं हैं। ये प्यार, इस संकल्प को मजबूत करता है कि, जब तक सांस चलेगी तब तक जनता की सेवा में कोई कसर नहीं छोड़ूंगा।

योजना नहीं, बहनों का मान-सम्मान है

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, लाड़ली बहना योजना हिंदुस्तान की पहली ऐसी योजना है जो बहनों की जिंदगी बदलेगी। यह केवल योजना नहीं है बहनों का मान-सम्मान है। मैंने कई बहनों से पूछा था कि इस योजना के बाद क्या फ़र्क पड़ा तो कहने लगीं, घर में थोड़ी पूछ-परख बढ़ गई है। ये जिंदगी बदलने वाली योजना है और ये योजना मध्यप्रदेश ने शुरू की है, लेकिन हर प्रदेश इसको लागू करेगा कोई इस योजना से बच नहीं पाएगा। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहनों के बाद अब बहनों को लखपति दीदी बनाना है। लखपति दीदी का मतलब हर बहन की सालाना आय 1 लाख से ज्यादा हो। घर का कामकाज करते हुए बहनों को स्व-सहायता समूह के माध्यम से लखपति दीदी बनाना है।

मामा-मामा की गूंज

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार को विदिशा लोकसभा के खातेगांव विधानसभा में पहुंचें। यहां रास्ते में पूर्व सीएम को देखकर बच्चों ने मामा-मामा के नारे लगाना शुरू कर दिया। जिसके बाद श्री चौहान भी बच्चों के बीच पहुंच गए और बच्चों को गले से लगाकर उन्हें प्यार-दुलार किया। वहीं रास्ते में ट्राइसाइकिल पर सवार एक विकलांग दिखाई दिया तो पूर्व सीएम ने अपना काफिला रूकवा दिया और गाड़ी से उतरकर विकलांग से मुलाकत की और उसका हालचाल जाना। इतना ही नहीं उन्होंने कांतापुर से आयोध्या की पैदल यात्रा कर रहे युवक विजय चौहान से मुलाकात की। विजय चौहान रामलला के दर्शन के लिए पैदल आयोध्या जा रहे हैं और केवल चाय व पानी ही पी रहे हैं।

कार्यक्रम में विधायक आशीष शर्मा संबोधित करते हुए कहा कि भारत को दुनिया का सिरमौर राष्ट्र बनाने के लिए जो सरकार काम करे उस सरकार के प्रति जनमानस में अच्छी भावना बने। लोकतंत्र के इस महायज्ञ में उस अच्छी सरकार व अच्छे जनप्रतिनिधि को चुनने के लिए वातावरण बने। यह सभी समाजो व संगठनों के बुद्धिजीवी वर्ग की जिम्मेदारी है, इसलिए मेरा आप सभी बुद्धिजीवियों से निवेदन है कि विदिशा लोकसभा को हमारी लोकसभा को आदर्श बनाने के लिए भाजपा प्रत्याशी शिवराजसिंह चौहान को भरपूर आशीर्वाद प्रदान करें। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की पत्नी साधना सिंह, सांसद रमाकांत भार्गव, रवि मालवीय, रघुनाथसिंह भाटी, राजीव खण्डेलवाल, पोपेन्द्र सिंह बग्गा, डॉ.आरएन यादव, कचरू पटेल उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नरेंद्र चौधरी ने किया। आभार गायत्री परिवार के चंद्रशेखर पवार ने माना। नेमावर रोड पर नमन संजय गर्ग, सुमित पुरोहित मित्र मंडल की ओर से फलों से तुलादान किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थितजनों ने साफा बांधकर अभिनंदन किया।

235 Views
What do you think?

Leave a Reply