अनोखा तीर, हरदा। क्षेत्र में फसल कटाई उपरांत उसके विक्रय को लेकर जिले की तीनों मंडियों में इन दिनों बंपर आवक है। कारण, किसानों को लेनदेन, खाद-बीज की खरीदी तथा अगली फसल की तैयारियों में जुटना है। इसके लिये किसान अपनी जरूरत अनुसार फसलों का विक्रय कर रहा है, ताकि कृषि कार्य सुचारू रूप से संपन्न किए जा सके। परंतु इन सबके बीच ये भूलना गलत होगा कि फसल बेचने के बाद रूपयों को सुरक्षित घर लेकर जाना है। जरा सी चूक सारी मेहनत पर पानी फेरने के बराबर है। ऐसा इसलिये, क्योंकि आप हम सबको ये नही मालूम रहता कि आखिर कौन ताक लगाए बैठा है। जो मौका पाकर अपने मंसूबो को अंजाम दे डालते हैं। बता दें कि एक दिन पहले यानि सोमवार को जिले में एक साथ तीन चोरी की वारदात सामने आई हैं। जिसमें हरदा में दो व खिरकिया में एक घटना हुई है। जिसमें अज्ञात आरोपियों ने अलग-अलग स्थानों पर तीनों किसानों के करीब साढ़े 5 लाख रूपए पर हाथ साफ कर दिया है। उधर, किसानों में खासकर मंड़ियों में मौजूद अथवा एक-दो दिनों में पहुंचने वाले किसानों में असुरक्षा का भाव लाजमी है। बावजूद किसानों को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम को महत्वता जरूरी है, ताकि चार महिने की मेहनत पर पानी ना फिरे। वहीं आगामी कृषि कार्यो पर ग्रहण ना लगे।
सीसीटीवी में कैद हुई तस्वीर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई हैं। जिसमें आरोपी नजर आ रहे हैं। उधर, आरोपियों को दबोचने के लिये पुलिस की टीमें सक्रिय हो चुकी हैं।
देर रात सक्रिय हुए अधिकारी
घटना की खबर मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर आवश्यक पुछताछ की। वहीं देर रात पुलिस अधिकारी मंडी समेत अन्य स्थानों पर सीसीटीवी फुटेज देखने को पहुंचे।
—-न्यूज इन बाक्स—-
अलग-अलग स्थानों पर चोरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यालय पर हुई दो चोरी की वारदातों में पहली डबल फाटक के पास बारंगा निवासी किसान हेमंत पिता ओमप्रकाश पंवार के साथ हुई, जो मंडी में फसल बेचकर रूपयों के साथ ट्रेक्टर-ट्राली से लौट रहा था। हेमंत के मुताबिक उसके झोले में रखे 1 लाख 20 हजार रूपये गायब मिले। इसी तरह शाम 4 बजे के आसपास कार से मॉल पहुंचा। जहां उसकी गाड़ी की डिक्की में से ३ लाख ४० हजार रूपये गायब मिले। हालांकि इस मामले में किसान की लापरवाही उजागर हुई है। बताया जा रहा है कि वे डिक्की को लॉक करना भूल गए, जो कि वारदात को आमंत्रण देने के समान है। वहीं खिरकिया में पहटकलॉ निवासी किसान महेश खाटरे की झोले में 1 लाख 10 हजार रूपये रखे थे, जो कि गाड़ी के हैंडल पर टंगा था। मंडी के पास बदमाशों ने रूपयों पर हाथ साफ कर दिया।

