Skip to content
Friday, 30 October 2026
भोपाल

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भाई उद्धवदास मेहता जी की पुण्यतिथि पर पुष्पांजलि अर्पित की

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर भोपाल:-मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भाई उद्धव दास मेहता की पुण्यतिथि पर आईटीसी कमला पार्क स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा भाई उद्धव दास मेहता स्मृति न्यास द्वारा प्रकाशित पुस्तक “वैदिक काल से विलीनीकरण तक भोपाल” का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल के विकास और राजधानी बनाने में भाई उद्धवदास मेहता के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि वे हिन्दू महासभा, जनसंघ और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में सक्रिय रहे। उन्होंने 1942 में भारत छोड़ो आंदोलन को इस अंचल में नेतृत्व प्रदान किया, वे धर्म ग्रंथों के अध्ययन के लिए विशेष रूप से बनारस गए। सनातन संस्कृति के मूल्यों को बनाए रखने में उनके योगदान और कठिन परिस्थितियों में हिन्दू उत्सव समिति में उनकी सक्रियता पर हमें गर्व है। भाई उद्धवदास मेहता ने पूरे समाज को दिशा दिखाई।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह बदलते दौर का भारत है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में सांस्कृतिक अनुष्ठान का यज्ञ चल रहा है, सम्राट विक्रमादित्य, राजा भोज के समृद्ध और गौरवशाली अतीत की धरोहर को सहेजने और उसे पुष्पित-पल्लवित करने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पुस्तक “वैदिक काल से विलीनीकरण तक भोपाल” के लेखक रमेश शर्मा ने तथ्यों का समग्रता में प्रस्तुतिकरण और विश्लेषण किया है।

इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर, विधायक भगवान दास सबनानी, महापौर श्रीमती मालती राय, पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता, पूर्व राज्यसभा सदस्य रघुनंदन शर्मा एवं राहुल कोठारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

91 Views
What do you think?

Leave a Reply