अनोखा तीर, हरदा। इंदौर बैतूल नेशनल हाईवे पर रविवार सुबह 11 बजे बाइक सवार दो युवकों को सामने से आ रही एक पिकअप ने टक्कर मार दी। जिसके चलते बाइक के पीछे बैठे युवक की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार इंदौर रोड पर सोयाबीन प्लांट के पास अपनी मां और पांच बहनों के साथ रहने वाला देवराज उम्र 17 वर्ष जो कि तेल फैक्ट्री में मजदूरी करता था। रविवार सुबह वह अपने मामा के बेटे रोशन के साथ बाइक से हरदा किराना लेने आ रहे थे। इस दौरान सामने से आ रही तेज रफ़्तार पिकअप चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक के पीछे बैठे देवराज के सिर में अंदरूनी चोटें लगने से मौत हो गई। मृतक के शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल लाया गया है। युवक के मामा लोकेश इवने ने बताया कि देवराज पांच बहनों के बीच इकलौता भाई था और बीते एक साल पहले उसके पिता कमल की भी पुलिस लाइन के पास हुए एक्सीडेंट में मौत हो गई थी। हादसे में रोशन इवने की भी चोट लगी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।



