बैरागढ़ दुर्घटना स्थल के आसपास का सर्वे कार्य शीघ्रता से पूर्ण करें

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

 

अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर आदित्य सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में राजस्व विभाग, कृषि विभाग, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि दुर्घटना प्रभावित परिवारों के घर-घर जाकर सर्वे का कार्य शीघ्रता से पूर्ण करें। उन्होने राजस्व विभाग के अधिकारियों से कहा कि राजस्व पुस्तक परिपत्र के नवीनतम प्रावधानों के तहत पीड़ित परिवारों को क्षति के लिये राहत दिलाने हेतु प्रकरण शीघ्रता से बनाएं। बैठक में जिला पंचायत के सीईओ रोहित सिसोनिया एवं अन्य विभागों के जिला अधिकारी भी मौजूद थे। कलेक्टर श्री सिंह ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शुक्रवार या शनिवार को वे अगले सप्ताह में किए जाने वाले अपने भ्रमण की अग्रिम जानकारी भेजना सुनिश्चित करें। उन्होने सभी अधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्र का सतत भ्रमण कर अपने विभाग की योजनाओं की मॉनिटरिंग करें और देखें कि सभी नागरिकों को पात्रता अनुसार योजनाओं का लाभ मिल रहा है कि नहीं। उन्होने सीएम हेल्पलाइन में जिले की रेंकिंग सुधारने के लिए सभी अधिकारियों को संयुक्त प्रयास करने के लिए कहा। कलेक्टर श्री सिंह ने खाद्य, कृषि व सहकारिता विभाग के साथ-साथ मार्कफेड, नापतौल, वेयर हाउस कार्पोरेशन के अधिकारियों को आगामी दिनों में गेहूं व चना उपार्जन की तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लीड बैंक प्रबन्धक को निर्देश दिए कि बैरागढ़ दुर्घटना में जिन परिवारों को एटीएम कार्ड व पासबुक जल गए है, उन्हें नए एटीएम व पासबुक दिलाने की तत्काल व्यवस्था करें। उन्होने सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने शहरी क्षेत्र में सुबह से भ्रमण कर स्वच्छता अभियान पर नजर रखें।

101 Views

Leave a Reply

error: Content is protected !!