16 फरवरी को… भक्तिभाव के साथ मनाएंगे नर्मदा जयंती

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

 

 

अनोखा तीर, हरदा। नार्मदीय ब्राह्मण समाज हर साल की तरह इस साल भी अपनी आराध्य माँ नर्मदा की जयंती धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाएगा। जयंती महोत्सव को लेकर समाजिक बंधुओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नर्मदा जयंती को तीन दिवसीय महोत्सव के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। नार्मदीय ब्राह्मण समाज ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी किशोर शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 16 फरवरी को समाज द्वारा नर्मदा जयंती पर सांस्कृतिक, रचनात्मक एवं धार्मिक कार्यक्रम किए जाएंगे। जिसमें सभी की सहभागिता सुनिश्चित करने की दिशा में बैठक का आयोजन हुआ। जिसके माध्यम से जहां पर्व की रूपरेखा बनाई है, वहीं समाज के सक्रिय पदाधिकारी एवं सदस्यों को दायित्व सौंपे जाने का खाका तैयार किया है। जानकारी के अनुसार तीन दिवसीय महोत्सव शोभायात्रा से प्रारंभ होकर महिलाओं के हल्दी-कुमकुम कार्यक्रम के साथ समापन होगा। इस बीच विभिन्न कार्यक्रम होंगे। बता दें कि नार्मदीय समाज द्वारा हर साल नर्मदा जयंती पर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के बच्चों के साथ साथ नवयुवक और युवतियों को अपनी कला को प्रदर्शित करने के लिये मंच उपलब्ध कराया जाता है। जहां बच्चें अपनी-अपनी रूचि अनुरूप गतिविधियों में हिस्सा लेकर नर्मदा जयंती महोत्सव ओर अधिक आनंदित कर देते हैं। वहीं समाज के महिला-पुरूष समेत बड़े-बुजुर्ग भी उत्साह के साथ सहभागी बनते हैं।

एक दिन पहले भव्य शोभायात्रा  

अध्यक्ष श्री शुक्ला ने बताया कि नर्मदा जयंती महोत्सव के एक दिन पहले यानि 15 फरवरी को स्थानीय मिडिल स्कूल ग्राउंड से दोपहर 2 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। जिसमें शहर समेत दूरदराज ग्रामों से समाज के लोग शोभायात्रा में शामिल होंगे। शोभायात्रा मिडिल स्कूल से प्रारंभ होकर नई सब्जी मंडी, परशुराम चौक, टांक चौक और पोस्ट ऑफिस चौराहा होते हुए चांडक चौराहा पहुंचेगी। जहां से घंटाघर होते हुए बॉम्बे रोड स्थित समाज धर्मशाला पहुंचकर समापन किया जाएगा। इस बीच जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत होगा, वहीं घरों की छत से धार्मिक यात्रा पर पुष्पवर्षा की जाएगी।

जयंती पर्व पर वरिष्ठों का सम्मान

शोभायात्रा के समापन के बाद समाज के वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान समारोह रखा है। कार्यक्रम में समाज में महती भूमिका निभाने वाले सदस्यों को सम्मानित करेंगे, वहीं उनके योगदान का स्मरण भी किया जाएगा। इसके अलावा समाज का नाम गौरान्वित करने वाले युवाओं का भी समाज के मंच से सम्मान कर अन्य युवाओं को प्रेरित किया जाएगा। अंत में स्नेहभोज का आयोजन होगा। इसके दूसरे दिन 16 फरवरी को प्रात:काल विधि विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी। तत्पश्चात दोपहर 12 बजे मॉ नर्मदा की महाआरती के बाद प्रसादी वितरण का कार्यक्रम होगा।

एक नजर में तीन दिनी महोत्सव….

– 15 फरवरी

दोपहर 2 बजे से शोभायात्रा, शाम को सम्मान-समारोह व स्नेहभोज

– 16 फरवरी

प्रात:काल पूजा-अर्चना प्रारंभ, 12 बजे महाआरती व प्रसाद वितरण, शाम को व्यंजन मेला

– 17 फरवरी

समाज की महिलाओं द्वारा परंपरागत हल्दी-कुमकुम कार्यक्रम एवं भजन-कीर्तन

116 Views

Leave a Reply

error: Content is protected !!