Skip to content
Friday, 30 October 2026
राष्ट्रीय

दिग्विजय सिंह ने शिवराज से कहा ‘सही फरमाया आपने’, होर्डिंग से फोटो गायब होने पर छलकी पूर्व मुख्यमंत्री की पीड़ा

2 min read
Text Size:

कांग्रेस और बीजेपी किसी बात पर एकमत हो..कम ही होता है। लेकिन अब दिग्विजय सिंह ने शिवराज सिंह चौहान की एक बात को लेकर समर्थन जताया है। उन्होने शिवराज के एक वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है ‘सही फरमाया आपने’। मामला होर्डिंग से फोटो गायब होने को लेकर है, जिसपर शिवराज सिंह चौहान ने अपने अंदाज़ में तंज़ कसते हुए कहीं न कहीं अपनी पीड़ा ज़ाहिर की है।

होर्डिंग से फोटो गायब होने पर शिवराज का दर्द छलका

शिवराज सिंह चौहान भले ही मुख्यमंत्री न रहे हों, लेकिन वो लगातार सुर्खियों में हैं। कभी अपने बयानों को लेकर तो कभी अपने घर के नामकरण को लेकर। वहीं बीच बीच में उनकी पीड़ा भी झलकती रही है और एक बार फिर बीजेपी के ‘होर्डिंग्स’ से अपने गायब होने को लेकर उनका बयान सामने आया है। उन्होने कहा है कि ‘लोग ऐसे होते हैं जो रंग देखते हैं..मुख्यमंत्री है तो ‘भाई साहब आपके चरण तो कमल के समान हैं’ कर कमल हो जाते हैं, चरण कमल हो जाते हैं। और बाद में नहीं रहे तो होर्डिंग से फोटो ऐसे गायब होता है, जैसे गधे के सिर से सींग।’ कुछ दिन पहले भी उनका एक बयान सामने आया था जिसमें उन्होंने कहा था कि कभी कभी राजतिलक होते होते वनवास हो जाता है। अब एक बार फिर उन्होने बातों ही बातों में होर्डिंग से अपना चित्र गायब होने को लेकर तंज़ कसा है।

दिग्विजय सिंह ने कसा तंज़

लेकिन ‘सेर को सवा सेर’ की तर्ज पर राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने इस बात को लेकर प्रतिक्रिया जताई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शिवराज के इस बयान को साझा करते हुए उन्होने लिखा है कि ‘सही फ़रमाया आपने शिवराज सिंह चौहान, इसीलिए मैंने मुख्यमंत्री के रूप में कभी भी सरकारी विज्ञापन में अपना चित्र लगाने के लिए नहीं कहा था।’ इस प्रकार उन्होने पूर्व मुख्यमंत्री की इस बात पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि जब वो सीएम थे तो उन्होने कभी भी सरकारी विज्ञापनों में अपना चित्र नहीं लगवाया। बहरहाल..दिग्विजय सिंह और शिवराज सिंह दोनों ही अब पूर्व मुख्यमंत्री हैं। फर्क ये है कि दिग्विजय सिंह को लंबा समय हो चुका है और शिवराज को जुम्मा जुम्मा कुछ ही दिन हुए हैं और यही वजह है कि कहीं न कहीं उनकी बातों में उनकी पीड़ा ज़ाहिर हो ही जाती है।

92 Views
What do you think?

Leave a Reply