ग्वालियर। तनिष्क शोरूम पर ग्राहक बनकर ठग जोड़ा पहुंचा। इन लोगों ने सोने की चेन खरीदने की बात कही। जब सेल्सगर्ल ने सोने की चेन दिखाई तो बड़े ही शातिर तरीके से इन लोगों ने असली सोने की चेन से टैग हटाया। अपने साथ यह लोग पहले से नकली चेन लाए थे, इस पर टैग लगाकर वापस इसे ट्रे में रख दिया। इसके बाद कुछ देर में आने की कहकर चले गए। जब इनके जाने के बाद देखा तो सोने की चेन नकली निकली। इसका वजन करीब 44 ग्राम था। सीसीटीवी कैमरे में देखा तो यह दोनों टैग बदलते हुए नजर आ रहे हैं। कोतवाली थाना पुलिस ने इस मामले में एफआइआर दर्ज कर ली है।
सीसी टीवी कैमरों के फुटेज से पुलिस कर रही है पहचान
सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के आधार पर पुलिस इनकी पहचान करने के लिए प्रयास कर रही है। फिलहाल ठग जोड़ा बेसुराग है। सराफा बाजार में दीपक मूंदड़ा का ज्वेलरी शोरूम है। उनके पास तनिष्क ब्रांड की फ्रेंचाइजी है। कोतवाली थाना प्रभारी मनोज झा ने बताया कि शोरूम पर एक युवक और महिला पहुंचे। यह दोनों आते ही बोले- सोने की चेन खरीदनी है। शोरूम पर काम करने वाली सेल्स गर्ल श्वेता और सुनीता ने सोने की चेन की ट्रे निकाली। यह दिखाने लगी। यह ट्रे में रखी चेन देख रही थीं, इसी दौरान 44 ग्राम की असली चेन का टैग बदलकर नकली पर लगा दिया। असली चेन चोरी कर ली और नकली चेन ट्रे में रख दी। इसके बाद यहां से चले गए। कुछ देर बाद जब ट्रे में रखी चेन का मिलान किया गया तो इसमें से एक चेन नकली मिली। तब कैमरे देखे तो पता लगा।
पति के जेठानी से थे संबंध, इसलिए महिला ने की थी आत्महत्या
पुरानी छावनी इलाके में रहने वाली एक महिला ने आत्महत्या की थी। पड़ताल में सामने आया है कि महिला के पति का उसकी जेठानी के साथ संबंध था। जब महिला को इसका पता लगा तो उसने आत्महत्या कर ली। इस मामले में पुलिस ने मृतका के पति और अन्य ससुरालीजनों पर एफआइआर दर्ज की है। आरोपितों के नाम द्वारिका, त्रिवेणी और सिद्धार्थ हैं।

