बंबई बाजार में दूसरे दिन 80 शेड और पक्के निर्माण पर चला हथौड़ा

इंदौर। नगर निगम का आपरेशन बंबई बाजार दूसरे दिन भी जारी रहा। 100 से ज्यादा निगमकर्मियों की टीम ने चार पुलिस थानों के पुलिसकर्मियों की सुरक्षा में 80 से ज्यादा टिन शेड और पक्के निर्माण तोड़े। करीब साढ़े तीन घंटे चली कार्रवाई के दौरान मामूली विवाद भी हुआ। जिनके अवैध निर्माण तोड़े गए उन्होंने कार्रवाई रुकवाने की कोशिश भी की लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली।

निगम के अधिकारियों ने अवैध निर्माण और टिन शेड तानने वालों को चेतावनी दे दी थी कि वे अपने अवैध निर्माण हटा लें अन्यथा निगम कार्रवाई करेगा। इसके बावजूद लोगों ने अवैध निर्माण नहीं हटाए थे, कार्रवाई में निगम ने इन्हें जमींदोज कर दिया। अतिक्रमण हटने के बाद बंबई बाजार की सड़के अब पहले के मुकाबले खुली-खुली नजर आने लगी हैं। हालांकि जगह-जगह तोड़े गए टिन शेड और पक्के निर्माण, ओटले आदि का मलबा पड़ा है।

नगर निगम का अमला बंबई बाजार पहुंचा। टीम के साथ जेसीबी भी थीं। नगर निगम ने कार्रवाई से पहले मुनादी कर लोगों को चेतावनी भी दी। कार्रवाई शुरू करने से पहले क्षेत्र की बिजली सप्लाय बंद कर दी गई थी। जिन लोगों ने चेतावनी के बाद भी निर्माण और टिन शेड नहीं हटाए थे, जेसीबी की मदद से उसे हटाया गया। करीब तीन घंटे की कार्रवाई में करीब 80 टिन शेड और पक्के निर्माण तोड़े गए।

कई-कई फीट आगे तक बना रखे थे शेड
बम्बई बाजार दुकानदारों ने दुकान से कई-कई फीट आगे तक टिन के शेड डाल रखे थे। इस वजह से सड़क बहुत सकरी हो गई थी। नगर निगम के सहायक रिमूवल अधिकारी बबलू कल्याणे ने बताया कि कुछ दुकानदारों ने दुकान के बाहर लोहे की जाली लगकर ओटला बना लिया था। इसी तरह कुछ बड़ी दुकानों ने दुकान के बाहर 7-8 फीट की हेंगिंग कर कब्जा कर लिया था। निगम के अमले ने इन सभी को तोड़ दिया।
खुद भी हटाए अवैध निर्माण
कार्रवाई के बाद लोगों को भरोसा था कि निगम आगे कार्रवाई नहीं करेगा, लेकिन जैसे ही निगम का अमला बंबई बाजार पहुंचा हड़कंप मच गया। कुछ लोगों ने खुद ही अपने अवैध निर्माण हटाने की कोशिश शुरू कर दी। निगम के कर्मचारियों और अधिकारियों ने भी उन्हें निर्माण हटाने के लिए समय दिया। कार्रवाई के दौरान स्थानीय पार्षद अयाज बेग लोगों को समझाइश देते नजर आए।
जेसीबी और गैस कटर की मदद लेना पड़ी
बंबई बाजार में कई जगह तो दुकानदारों ने इतना पक्का अवैध निर्माण कर रखा था कि उसे तोड़ने के लिए जेसीबी और गैस कटर तक इस्तेमाल करना पड़े। कई दुकानदारों ने दुकान के बाहर लोहे की मोटी-मोटी प्लेटों से प्लेटफार्म बना रखे थे। गैस कटर की मदद से इसे काटा गया।
94 Views

Leave a Reply