सनातन धर्म और संस्कृति के संरक्षण में मील का पत्थर साबित होगा विद्यापीठ – उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

भोपाल- उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा है कि धैर्य और संयम के साथ अपने कर्तव्यों को पूरा करना ही राजनीति का मूल मंत्र है। उन्होंने कहा कि चित्रकूट की पवित्र धार्मिक नगरी में बलराम देशिक संस्कृत विद्यापीठ द्वारा संचालित प्रियंबदा बिड़ला वैदिक एवं संस्कृत विद्यालय हमारी संस्कृति और सनातन धर्म के संरक्षण में मील का पत्थर साबित होगा। उप मुख्यमंत्री शुक्ल चित्रकूट के नयागांव में आचार्य आश्रम के समीप नवनिर्मित प्रियंबदा बिड़ला वैदिक एवं संस्कृत विद्यालय के भव्य भवन के लोकार्पण अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

आचार्य आश्रम नयागांव के पूज्य डॉ बदरी प्रपन्नाचार्य महाराज, वरुण प्रपन्नाचार्य महाराज, चित्रकूट के साधु-संतों की उपस्थिति में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने वैदिक मंत्रो और श्लोक के बीच विधि विधान पूर्वक वैदिक एवं संस्कृत विद्यापीठ का लोकार्पण किया। उन्होंने संस्कृत विद्यालय के प्रत्येक पठन कक्षों में जाकर पठन-पाठन के लिए की गई व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि प्रदेश की जनता ने सरकार को इतना बड़ा जनादेश दिया है। यह जनादेश जन आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए है। राज्य सरकार ने मध्य प्रदेश को देश का विकसित और सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प लिया है। इसके साथ ही विंध्य क्षेत्र को हिंदुस्तान का सबसे बेहतर और समृद्धशाली क्षेत्र बनाने का संकल्प भी पूरा होगा।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि विंध्य क्षेत्र में धार्मिक, वाइल्डलाइफ, पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं। चित्रकूट की पावन धरती पर जहां राम के चरण पड़े, वहां की धरती पर बहुमूल्य खनिज, लाइमस्टोन, हीरे जवाहरात, बॉक्साइट जैसी संपदा मौजूद है। नर्मदा घाटी विकास के अधिकारियों के साथ बरगी की नहर मैहर और सतना लाने के प्रयासों की समीक्षा बैठक हुई है। नर्मदा का पानी मंदाकिनी नदी तक सीधा नहीं ला सकते, इसलिए बांध बनाकर पयस्वनी नदी तक पानी छोड़ा जाएगा। पयस्वनी नदी के पानी से मंदाकिनी को सदानीरा बनाया जाएगा।

आचार्य आश्रम के स्वामी बदरी प्रपन्नाचार्य ने संस्कृत विद्यालय के 1982 में स्थापना काल से अब तक की प्रगति का रेखांकन करते हुए संस्कृत विद्यालय की स्थापना और भवन निर्माण के लिए सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल को संस्कृत भाषा में रचित अभिनंदन पत्र भेंट किया गया। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने धर्मपत्नी सुनीता शुक्ला के साथ आचार्य आश्रम की यज्ञशाला में हवन पूजा भी की।

संस्कृत विद्यालय नयागांव का भवन निर्माण विंध्या टेली लिंक्स लिमिटेड के सीएसआर मद से किया गया है। इस अवसर पर उत्तरप्रदेश सरकार के राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, विधायक मैहर श्रीकांत चतुर्वेदी, विधायक मुड़वारा संदीप जायसवाल, विधायक मनगवां नरेंद्र प्रजापति सहित रीवा, सतना, मैहर, कटनी, छत्तीसगढ़ से आए हुए जनप्रतिनिधि गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

126 Views

Leave a Reply

error: Content is protected !!