ग्वालियर। हजीरा सिविल अस्पताल में बिजली गुल होते ही अंधेरा छा गया। करीब आधा घंटे तक अस्पताल अंधेरे में डूबा रहा। अस्पताल में जनरेटर की सुविधा होने के बाद भी कर्मचारियों ने उसे चालू नहीं किया। इसके चलते बिजली जाते ही पूरा अस्पताल परिसर अंधेरे में घिर गया। मरीज चिकित्सक कक्ष तक मोबाइल टार्च की रोशनी में जैसे-तैसे पहुंचे। वहीं चिकित्सकों को मोबाइल टार्च की रोशनी में मरीजों को देखना पड़ा।
अस्पताल की बिजली के आसपास गुल हो गई। अस्पताल में बैकअप के लिए जनरेटर था, लेकिन कर्मचारियों ने बिजली आने के इंतजार में जनरेटर नहीं चलाया। जिससे परिसर में अंधेरा छाया रहा। ओपीडी में अंधेरा होने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं डाक्टरों ने मोबाइल टार्च की रोशनी में मरीज देखे। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि थोड़ी देर के लिए बिजली गुल हुई थी। इसलिए जनरेटर चलाने की आवश्यकता महसूस नहीं हुई। जबकि करीब आधा घंटे तक बिजली सप्लाई बाधित रही।
आर्थोपेडिक और नेत्र विभाग में चल रहे थे आपरेशन
जिस वक्त अस्पताल की बिजली सप्लाई बाधित हुई उस दौरान अस्पताल के नेत्र रोग विभाग और आर्थोपेडिक विभाग के आपरेशन थियेटर में चिकित्सक मरीजों के आपरेशन कर रहे थे। गनीमत रही कि नेत्र रोग विभाग में आपरेशन के दौरान उपयोग में लाई जाने वाली मशीन में बैकअप रहता है इसलिए चिकित्सक ने उस मशीन की रोशनी से आपरेशन कर दिया। अगर बिजली लंबे समय तक गुल रहती तो आपरेशन में दिक्कत आ सकती थी।

