आचार संहिता हटते ही शुरू होगा सड़क पर से कब्जा हटाओ अभियान

इंदौर। आचार संहिता हटते ही नगर निगम राजवाड़ा और आसपास के क्षेत्र में सड़कों पर किए जा रहे कब्जों के खिलाफ मुहिम चलाएगा। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत बनाई गई सड़कों पर किसी तरह का अतिक्रमण स्वीकार्य नहीं किया जा सकता। राजवाड़ा और आसपास के क्षेत्रों में सडक पर अतिक्रमण के एवज में वसूली करते हुए एक वीडियो भी सामने आया है। हम इसकी जांच कर रहे हैं। वीडियो में नजर आ रहे व्यक्ति और वसूली मेें शामिल नगर निगम के कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

यह बात महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कही। राजवाडा क्षेत्र में सडकों पर कब्जे को लेकर पूछे सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हो सकता है नगर निगम के कुछ कर्मचारी अवैध वसूली में लिप्त हों, हम ऐसे लोगों को चिह्नित करके कार्रवाई करेंगे।

वसूली की बात सामने आई थी

गौरतलब है कि पिछले दिनों राजवाडा क्षेत्र का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हुआ था। इसमें एक व्यक्ति राजवाड़ा क्षेत्र में सड़क पर दुकान लगाने के एवज में एक महिला से 450 रुपये रोज वसूलता नजर आ रहा है। व्यक्ति कह रहा है कि यह रकम तो सभी को देना पड़ती है। इस वीडियो में एक फोटो भी है। दावा किया जा रहा है कि वसूली करने वाले व्यक्ति की नगर निगम की रिमूवल गैंग के साथ दोस्ती है। फोटो में वसूली करने वाला व्यक्ति निगम की रिमूवल गैंग के सदस्यों के साथ बैठकर चाय पीता नजर आ रहा है।

इस वीडियो के बहुप्रसारित होने के बाद राजवाडा क्षेत्र के व्यापारियों ने नगर निगम पहुंचकर शिकायत भी दर्ज कराई थी। उस वक्त आचार संहिता का हवाला देकर उन्हें रवाना कर दिया गया था। अब व्यापारियों को उम्मीद है कि आचार संहिता समाप्त होते ही निगम कार्रवाई करेगा।

114 Views

Leave a Reply