मुख्य सचिव देश-प्रदेश और समाज के लिए जिये- चौहान

 

अनोखा तीर, भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अपने लिए तो सभी जीते हैं अपने देश-प्रदेश और समाज के लिए जीना वास्तव में जीना है। मुख्य सचिव श्री बैंस ने 38 साल प्रशासनिक अधिकारी के रूप में प्रदेश की सेवा की और वे जनता के कल्याण के लिए समर्पित रहे। देश-प्रदेश और समाज के लिए जीना किसे कहते हैं यह उन्होंने कर दिखाया। मुख्यमंत्री श्री चौहान मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस के मंत्रालय में विदाई समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान का अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन विनोद कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। श्री कुमार ने मुख्य सचिव श्री बैंस तथा नवागत प्रभारी मुख्य सचिव श्रीमती वीरा राणा का भी पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मुख्य सचिव श्री बैंस को स्मृति चिन्ह भी भेंट किया। विदाई समारोह में समस्त अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि श्री बैंस हर परिस्थिति में एक समान रहने वाले और सभी को समभाव से देखने वाले व्यक्ति हैं। वे हर मापदंड पर खरे उतरे, कोविड-19 की सर्वाधिक बड़ी चुनौती का उन्होंने दृढ़ता और सूझबूझ से सामना किया। कोविड काल में अन्य प्रदेशों से अपने गृह प्रदेश जा रहे श्रमिकों को मध्य प्रदेश में यातायात सुविधा उपलब्ध कराई गई। यह मानवीय कार्य उनकी संवेदनशीलता से प्रभावी तरीके से क्रियान्वित किया जा सका। श्री बैंस जनकल्याण के हर विचार के प्रति सकारात्मक रहते थे। उन्होंने जनकल्याण के लिए दिए गए हर सुझाव और विचार को प्रशासकीय दृष्टि से प्रभावी तरीके से समय-सीमा में क्रियान्वित किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि श्री बैंस ने बिना तनाव, दबाव और प्रभाव में आए अपने दायित्वों का निर्वहन किया। वे अपनी बात तर्क के साथ रखते थे। आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश का रोडमैप, सीएम राइज स्कूल, आनंद विभाग, सिटीजन चार्टर का क्रियान्वयन उनकी प्रमुख उपलब्धियां रहीं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि वे अपनी सक्रियता बनाए रखेंगे और प्रदेश हित में अपने अनुभव का योगदान देते रहेंगे, ऐसी आशा है। उनके जीवन का उतरार्द्ध उपयोगी, सार्थक, सफल हो, यही कामना है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने श्री बैंस के सुखद और स्वस्थ जीवन की कामना की। मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस ने कहा कि मेरी प्रशासनिक यात्रा सुखद और परिणाममूलक रही। मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा मुझमें रखे गए विश्वास के परिणामस्वरूप ही मैं बड़ी जिम्मेदारियों को सफलतापूर्वक निभा पाया। कर्तव्य के प्रति निष्ठा में मेरी ओर से कोई कमी नहीं रही। मेरे साथियों ने भी मेरी यात्रा में भरपूर सहयोग दिया। मैं सेवानिवृत्त जरूर हो रहा हूं परंतु मैं आप सबके बीच ही हूँ, क्योंकि आप सभी मेरा परिवार हैं और परिवार कभी छूटते नहीं हैं, उनसे विदाई नहीं होती। नवागत प्रभारी मुख्य सचिव श्रीमती वीरा राणा ने कहा कि इकबाल सिंह बैंस ने निर्भीकता, प्रशासनिक दक्षता और सूझबूझ के साथ कार्य किया। वे अध्यात्म के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहे हैं। हमें विश्वास है कि उनके प्रशासनिक अनुभव और दूरदर्शिता का लाभ प्रदेश को प्राप्त होता रहेगा।

मंत्री-परिषद ने दी मुख्य सचिव को विदाई

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की अध्यक्षता में मंत्री-परिषद की बैठक वंदे मातरम के गान के साथ आरंभ हुई। मंत्री-परिषद ने मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस को विदाई दी तथा मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मंत्री-परिषद की ओर से मुख्य सचिव श्री बैंस को स्मृति चिन्ह भेंट किया। नवागत प्रभारी मुख्य सचिव श्रीमती वीरा राणा उपस्थित रहीं।

Views Today: 2

Total Views: 32

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!