Skip to content
Thursday, 5 November 2026
राष्ट्रीय

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में सिल्क्यारा सुरंग में 17 दिन से फंसे 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया

3 min read
Text Size:

देहरादून- राष्‍ट्र ने उत्तराखंड उत्तरकाशी जिले के सिलक्यारा सुरंग में 17 दिन से फंसे श्रमिकों को बाहर निकालने पर एजेंसियों को सभी 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाले जाने पर प्रसन्‍नता व्‍यक्‍त की है। सभी श्रमिक सिल्‍कयारा सुरंग के भीतर फंसे हुए थे। सिल्‍क्‍यारा से बरकोट के बीच निर्माणाधीन सुरंग का एक भाग ढह जाने के कारण सभी श्रमिक सुरंग में फंसे रह गए।

राज्‍य सरकार और केंद्र सरकार की सभी एजेंसियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने बचाव मिशन को सफल बनाने के लिए युद्धस्‍तर पर काम किया। फंसे हुए श्रमिकों को भोजन, ऑक्‍सीजन और एक पाइप लाइन के जरिए संपर्क के लिए फोन दिए गए थे। श्रमिकों और उनके परिवारजनों ने सुरंग से सुरक्षित बाहर निकाले जाने पर केंद्र और राज्‍य सरकार के प्रति आभार व्‍यक्‍त किया है।

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुरंग में फंसे सभी श्रमिकों को सुरक्षित निकाले जाने पर प्रसन्‍नता व्‍यक्‍त की है। राष्‍ट्रपति ने कहा कि यह मानवीय धैर्य और सहनशक्ति का प्रमाण है। उन्‍होंने कहा कि समूचा राष्‍ट्र श्रमिकों के साहस को सलाम करता है जो अपने घरों से दूर रहकर बड़ा जोखिम उठाते हुए कठिन परिस्थितियों में आधारभूत संरचना का निर्माण करते हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस सफलता ने सभी को भावुक कर दिया है। उन्‍होंने श्रमिकों के साहस और धैर्य की सराहना की। प्रधानमंत्री मोदी ने श्रमिकों से फोन पर बात की। केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने भी बचाव अभियान की सफलता का स्वागत किया और एजेंसियों को उनके अथक प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तराखंड बचाव अभियान में शामिल एजेंसियों, संगठनों और लोगों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में सुरंग हादसे में फंसे सभी श्रमिकों के सुरक्षित बाहर आने के समाचार से उन्हें बेहद खुशी है।

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि वह पूरी तरह से राहत और प्रसन्नता का अनुभव कर रहे हैं क्योंकि सिल्क्यारा सुरंग हादसे में फंसे 41 श्रमिकों को सफलतापूर्वक सुरक्षित बचा लिया गया है। अपनी एक पोस्ट में नितिन गडकरी ने कहा कि यह कई एजेंसियों द्वारा बेहतर तरीके से संचालित एक समन्वित प्रयास और हाल के वर्षों में सबसे महत्वपूर्ण बचाव अभियानों में से एक है। उन्होंने कहा कि कई चुनौतियों का सामना करने के बावजूद विभिन्न विभाग और एजेंसियां एक-दूसरे के पूरक बनी रही हैं। उन्होंने कहा कि सभी के अथक और सत्यनिष्ठ प्रयासों और सभी की प्रार्थनाओं से यह अभियान संभव हो पाया है।

नितिन गडकरी ने कहा कि बचाव टीमों के समर्पित प्रयासों के अनुकूल परिणाम मिले हैं। उन्होंने इस बचाव अभियान में शामिल प्रत्येक एजेंसी और व्यक्ति के प्रति आभार व्यक्त किया। मंत्री महोदय ने अंतरराष्ट्रीय बचाव विशेषज्ञों, प्रशासनिक अधिकारियों और उत्तराखंड सरकार की त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया के लिए भी सराहना की

नितिन गडकरी ने कहा कि वह इस अवसर पर वह माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद देते हैं, जो निरन्तर पूरे अभियान की निगरानी कर रहे हैं और आवश्यकता पड़ने पर मार्गदर्शन और सहायता भी प्रदान कर रहे हैं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी और उनके सहयोगी जनरल वी.के सिंह भी लगभग पूरे अभियान के दौरान वहां अपनी उपस्थिति बनाए रखी। नितिन गडकरी ने कहा कि वह सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के अधिकारियों और अभियंताओं को उनके ईमानदार प्रयासों के लिए धन्यवाद देते हैं।

114 Views
What do you think?

Leave a Reply