देश का सबसे लंबा रोपवे देहरादून से मसूरी के बीच बनकर तैयार किया जा रहा है। सबसे ज्यादा पर्यटक सर्दियों में घूमने के लिए और हनीमून मनाने के लिए देहरादून और मसूरी जाते हैं। लगातार बढ़ रही पर्यटकों की संख्या को देखते हुए और उनकी सहूलियत के लिए देहरादून से मसूरी के बीच करीब 5 किलोमीटर में देश का पहला सबसे लंबा रोप वे बनाया जा रहा है।
ऐसे में अब पर्यटकों को अपने सफर के दौरान ज्यादा दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा ना ही उन्हें ट्रैफिक में लंबे समय तक रुकना पड़ेगा क्योंकि अब पर्यटक रोपवे की मदद से मात्र 15 मिनट में देहरादून से मसूरी पहुंच सकेंगे। देहरादून से मसूरी के बीच की दूरी करीब 33 किमी है। अब तक मसूरी तक पहुंचाने के लिए करीब डेढ़ से 3 घंटे का समय लगता है।
वहीं ये समय भी ट्रैफिक पर निर्भर करता है। ऐसे में पर्यटकों को काफी ज्यादा समय सिर्फ ट्रेवल करने में ही लग जाता है और वह ज्यादा एन्जॉय भी नहीं कर पाते हैं। इस वजह से रोपवे बना कर तैयार किया जा रहा है। यानी अब देहरादून से मसूरी पहुंचने में आपको बमुश्किल 15 मिनट का समय लगेगा। रोपवे का निर्माण कार्य लगातार जारी है।
जानें कब तक तैयार होगा रोपवे
जानकारी के मुताबिक, देहरादून से मसूरी के बीच केबिल कार परिजोयना को तैयार करने की जिम्मेदारी मसूरी स्काई कंपनी प्रा. लि. को दी गई है। हालांकि कई अन्य कंपनियां भी इस परियोजना में मदद करने के लिए पहुंच रही है। इसको बनाने में करीब 300 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि रोपवे के सितंबर 2026 तक पूरी तरह से तैयार होने की संभावना है। खास बात ये है कि रोपवे की केबल कार में 10 सीटर केबिन बनाए जाएंगे। केबिल कार के दरवाजे ऑटोमेटेड होंगे।

