Skip to content
Thursday, 29 October 2026
राष्ट्रीय

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय मोबाइल कांग्रेस की सातवीं बैठक का शुभारंभ करेंगे और प्रधानमंत्री चित्रकूट भी जाएंगे

3 min read
PM Cares for Children Scheme: PM मोदी की बेसहारा बच्चों को सौगात, हर महीने मिलेगा 4000 ₹ स्टाइपेंड; 23 साल की उम्र में मिलेंगे 10 लाख
Text Size:

नई दिल्ली- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत मंडपम, प्रगति मैदान, नई दिल्ली में 7वें भारतीय मोबाइल कांग्रेस 2023 का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री देशभर में शैक्षणिक संस्थानों को 100 ‘5जी यूज केस लैब्स’ प्रदान करेंगे। इन प्रयोगशालाओं को ‘100 5जी लैब्स पहल’ के तहत विकसित किया जा रहा है।

‘100 5जी लैब पहल’, 5जी अनुप्रयोगों के विकास को प्रोत्साहित करके 5जी तकनीक से जुड़े अवसरों को साकार करने का एक प्रयास है, जो भारत की विशिष्ट जरूरतों के साथ-साथ वैश्विक मांगों को भी पूरा करेगा। यह अनूठी पहल शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, बिजली, परिवहन जैसे विभिन्न सामाजिक-आर्थिक क्षेत्रों में नवाचार को बढ़ावा देगी और देश को 5जी तकनीक के उपयोग में आगे ले जाएगी। यह पहल देश में 6जी-तैयार शैक्षणिक और स्टार्ट-अप इकोसिस्टम के निर्माण के लिए भी एक महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल स्वदेशी दूरसंचार प्रौद्योगिकी के विकास की दिशा में एक कदम है, जो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भी महत्वपूर्ण है।

भारतीय मोबाइल कांग्रेस एशिया का सबसे बड़ा दूरसंचार, मीडिया और प्रौद्योगिकी मंच है जो 29 अक्टूबर, 2023 तक आयोजित होगा। यह आयोजन दूरसंचार और प्रौद्योगिकी में भारत की अविश्वसनीय प्रगति को रेखांकित करने, महत्वपूर्ण घोषणाएँ करने तथा स्टार्ट-अप को अपने नवीन उत्पादों और समाधानों को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने के लिए एक मंच के रूप में कार्य करेगा।

‘वैश्विक डिजिटल नवाचार’ थीम के साथ, आईएमसी 2023 का लक्ष्य अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों के विकासकर्ता, निर्माता और निर्यातक के रूप में भारत की स्थिति को मजबूत करना है। तीन दिवसीय कांग्रेस में 5जी, 6जी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसी प्रौद्योगिकियों पर प्रकाश डाला जाएगा और सेमीकंडक्टर उद्योग, हरित प्रौद्योगिकी, साइबर सुरक्षा आदि से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

इस वर्ष, आईएमसी एक स्टार्टअप कार्यक्रम – ‘एस्पायर’ शुरू कर रहा है। यह कार्यक्रम नई उद्यमिता पहल और सहयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्टार्टअप, निवेशकों और स्थापित व्यवसायों के बीच आपसी संबंधों को बढ़ावा देगा।

आईएमसी 2023 में लगभग 22 देशों के एक लाख से अधिक प्रतिभागी भाग लेंगे, जिनमें लगभग 5000 सीईओ स्तर के प्रतिनिधि, 230 प्रस्तुतिकर्ता, 400 स्टार्टअप और अन्य हितधारक शामिल होंगे।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मध्य प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। प्रधानमंत्री सतना जिले के चित्रकूट पहुंचेंगे और सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट में आयोजित किए जाने वाले कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री रघुबीर मंदिर में पूजा-अर्चना और दर्शन करेंगे; राम संस्कृत महाविद्यालय जाएंगे; स्वर्गीय अरविंद भाई मफतलाल की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और जानकीकुंड चिकित्सालय की नई शाखा या प्रकोष्‍ठ का उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री इसके साथ ही स्वर्गीय अरविंद भाई मफतलाल के शताब्दी जन्म वर्ष समारोह के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले एक सार्वजनिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट की स्थापना वर्ष 1968 में परम पूज्य रणछोड़दासजी महाराज ने की थी। परम पूज्य रणछोड़दासजी महाराज से अरविंद भाई मफतलाल अत्‍यंत प्रेरित थे और उन्होंने ट्रस्ट की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

अरविंद भाई मफतलाल देश की आजादी के बाद भारत के अग्रणी उद्यमियों में से एक थे, जिन्होंने देश की विकास गाथा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

प्रधानमंत्री अपने चित्रकूट दौरे के दौरान तुलसी पीठ भी जाएंगे। प्रधानमंत्री अपराह्न लगभग 3:15 बजे कांच मंदिर में पूजा-अर्चना और दर्शन करेंगे। प्रधानमंत्री तुलसी पीठ के जगद्गुरु रामानंदाचार्य का आशीर्वाद लेंगे और एक सार्वजनिक समारोह में भाग लेंगे, जहां वह तीन पुस्तकों यथा ‘अष्टाध्यायी भाष्य’, ‘रामानंदाचार्य चरितम’ और ‘भगवान कृष्ण की राष्ट्रलीला’ का विमोचन करेंगे।

मध्य प्रदेश के चित्रकूट में तुलसी पीठ एक अत्‍यंत महत्वपूर्ण धार्मिक और सामाजिक सेवा संस्थान है। इसकी स्थापना जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने वर्ष 1987 में की थी। तुलसी पीठ हिंदू धार्मिक साहित्य के प्रमुख प्रकाशकों में से एक है।

106 Views
What do you think?

Leave a Reply