
अनोखा तीर, भोपाल। शारदीय नवरात्र के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दतिया में प्रसिद्ध पीताम्बरा पीठ मंदिर में मां पीताम्बरा के दर्शन एवं पूजन कर चुनाव अभियान प्रारंभ किया। सीएम शिवराज ने रविवार को दतिया से नरोत्तम मिश्रा, लहार से अमरीश शर्मा और दिमनी से नरेन्द्र सिंह तोमर के समर्थन में चुनावी सबाओं को संबोधित किया। इस अवसर पर श्री चौहान ने सभी प्रदेशवासियों को मां की आराधना के पर्व शारदीय नवरात्रि की शुभकमनाएं दी। श्री चौहान ने कहा कि, मां की पूजा और दर्शन कर आज हम अपने चुनाव अभियान का श्रीगणेश कर रहे हैं। इस दौरान सीएम शिवराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है और प्रधानमंत्री आज विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हैं। मोदी सरकार ने मध्यप्रदेश के विकास में अतुलनीय योगदान दिया है।
कांग्रेस के राज में केवल बर्बादी और तबाही हुई
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज दतिया से भाजपा प्रत्याशी एवं सूबे के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। श्री चौहान ने इस दौरान कांग्रेस पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि, कांग्रेस की सरकार जहां-जहां बनी वहां केवल बर्बादी और तबाही ही हुई है। कांग्रेस के राज में सामूहिक हत्याकांड होते थे। बंदूक की गोलियां, अपहरण, खड़े होकर भूंज दो, शाम को बसों से उतार-उतार कर मारते थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद मैं ग्वालियर आया था और एक ही बात कही थी मध्यप्रदेश में या तो डाकू रहेंगे या शिवराज सिंह चौहान रहेगा। दोनों एक साथ नहीं रह सकते, और आज डकैतों की समस्या का अता-पता नहीं है।
सनातन को खत्म करने वाले माटी में मिल जाएंगे
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लहार से भाजपा प्रत्याशी अमरीश शर्मा के समर्थन में रोड शो कर जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान सीएम शिवराज ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि, सोनिया गांधी, राहुल गांधी सहित अन्य दलों ने एलायंस बना लिया, सनातन का अपमान करते हैं, कहते हैं कि सनातन धर्म डेंगू है मलेरिया है इसे मिटा दो, लेकिन पूरी दुनियां चली गई सनातन को खत्म नहीं कर पाई। सनातन को खत्म करने वाले खुद माटी में मिल जाएंगे।
हर कार्यकर्ता नरेन्द्र सिंह तोमर बनकर मैदान में उतर जाए
आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिमनी विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी एवं देश के कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान सीएम शिवराज ने कहा कि, इतिहास में कभी-कभी ऐसे क्षण आते हैं जब नरेन्द्र सिंह तोमर जैसे लोग आपके प्रतिनिधि बनते हैं। मेरी अपील है कि आप में से हर एक नरेन्द्र सिंह तोमर बनकर चुनावी मैदान में उतर जाएं और ऐसी जीत दिलाओ की दुनिया देखती रह जाए। नरेन्द्र सिंह आपका स्वाभिमान और सम्मान है। वहीं सीएम शिवराज ने इस दौरान कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि लाड़ली बहना योजना को लेकर हमारी शिकायत की जा रही है कि, यह आचार संहिता का उल्लंघन हैं। मामा चुपके से बहनों के खातो में पैसा डालेगा, लेकिन मैं चुपके से नहीं डंके की चोट पर लाड़ली बहनों के खातो में पैसा डालूंगा।
नरोत्तम मिश्रा ने किया है दतिया में ऐतिहासिक विकास
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दतिया में आयोजित सभा में कहा कि मैं दतिया के विकास के लिए नरोत्तम मिश्रा को बधाई देता हूं। उन्होंने दतिया के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी। इस दौरान सीएम शिवराज ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि, ये दिवाली कमल वाली है, इसलिए अपनी पार्टी के लिए भी जीतना है, अपने नेता के लिए भी जीतना है लेकिन असली तो जनता के लिए ही जीतना है। देश के लिए जीतना है। इसलिए मेरे कार्यकर्ता भाइयों कोई कोर-कसर मत छोड़ना, दिन रात एक कर देना।
लाड़ली बहनों की आंखों में आंसू नहीं रहने देंगे
दतिया में आयोजित महिला सम्मेलन में लाड़ली बहनों को संबोधित करते हुए सीएम शिवराज ने कहा कि पहले कांग्रेस केवल हल्ला कर रही थी कि, फॉर्म भरवा रहे हैं, पैसे देंगे, लेकिन हमने महज तीन महीनों में योजना बनाकर 1 करोड़ 32 लाख बहनों के खातो में पैसा भी डाल दिया। श्री चौहान ने इस दौरान कहा कि, 1000 रूपए से योजना शुरू की गई थी, लेकिन मन में आया कि, लाड़ली बहनों के आंसु पूरे पोछेंगे और फिर इसकी राशि को बढ़ाकर 1250 रूपए किया गया और आने वाले समय में 1500 रूपए, 1750 रुपए और इसी क्रम में बढ़ते हुए बहनों के खातो में 3000 रूपए हर महीने डाले जाएंगे। उन्होंने कहा कि, बहनों के मान सम्मान की रक्षा में आपका भाई कोई कमी नहीं आने देगा।
रिकॉर्ड विकास को रिकॉर्ड वोटों से जिताना है
दतिया में जनसमुदाय से संवाद करते हुए सीएम शिवराज ने कहा कि मध्यप्रदेश में रिकॉर्ड विकास को रिकॉर्ड वोटों से जिताना है। जनता के विकास और स्वर्णिम मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए जितना है। उन्होंने कहा कि दतिया में मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज और हवाई पट्टी बनाई गई है। अपना दतिया जो कभी कस्बा कहलाता था, आज शानदार महानगर बन गया है। उन्होंने जनसमुदाय से पूछते हुए कहा कि आपने कांग्रेस राज का दतिया तो देखा ही होगा, लेकिन जब से नरोत्तम मिश्रा विधायक बने हैं तब का दतिया भी देखा है। भाजपा सरकार में दतिया का ऐतिहासिक विकास हुआ है। इस विकास गति को बनाए रखने के लिए भाजपा को भारी बहुमत से जिताएं।
Views Today: 2
Total Views: 114

