भोपाल पहुंचे कार्यकर्ता महाकुंभ को मोदी करेंगे संबोधित, कमलनाथ ने कहा- शिवराज जी, झूठ मत बुलवा दीजिएगा

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

भोपाल- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भोपाल दौरे पर हैं। वे राजाभोज एयरपोर्ट पहुंचे। पीएम जंबूरी मैदान में होने वाले भाजपा के कार्यकर्ता महाकुंभ को संबोधित करेंगे। 2013 से भाजपा हर 5 साल में जंबूरी मैदान पर कार्यकर्ता महाकुंभ कर रही है। मोदी तीसरी बार इसके मुख्य वक्ता होंगे। BJP का दावा है कि महाकुंभ में प्रदेश भर से 10 लाख कार्यकर्ता शामिल हो रहे हैं। जंबूरी मैदान में कार्यकर्ताओं को संबोधित करने से पहले PM करीब आधा किलोमीटर का रोड शो करेंगे। इसके लिए सभास्थल पर रोड बनाया गया है।

मध्यप्रदेश में PM का 6 महीने में यह 7वां दौरा है। वे सागर के बीना आए थे। यहां उन्होंने BPCL (भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड) रिफाइनरी में 50 हजार करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले पेट्रो केमिकल प्लांट की आधारशिला रखी थी। अगले महीने 5 अक्टूबर को भी PM का जबलपुर में दौरा प्रस्तावित है।

महाकुंभ के लिए 5 बडे़ डोम बनाए गए

बीजेपी के कार्यकर्ता महाकुंभ के कार्यक्रम स्थल पर पांच बडे़ वाटरप्रूफ डोम बनाए गए हैं। पीएम के मंच के ठीक सामने बने डोम में करीब 60 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था है। स्टेज के सामने बने डोम के दोनों तरफ दो-दो डोम बनाए गए हैं। इनमें भी कार्यकर्ताओं के बैठने के लिए कुर्सियां लगाई गई हैं। पूरे सभास्थल को 42 सेक्टर में बांटा गया है। हर सेक्टर में 1500 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

महाकुंभ के लिए भोपाल जा रहे 39 BJP कार्यकर्ता-समर्थक घायल

भोपाल में कार्यकर्ता महाकुंभ में शामिल होने खरगोन से जा रहे BJP कार्यकर्ता और समर्थकों की बस रोड पर खड़े ट्रक में घुस गई। हादसे में 39 कार्यकर्ता घायल हुए हैं। इनमें 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। कार्यकर्ता रायसागर, खापर, जामली और रूपगढ़ के रहने वाले हैं। हादसा देर कसरावद के पास शारदा गांव में हुआ।

PM के भोपाल आने से पहले कमलनाथ का ट्वीट

शिवराज जी, आपके झूठ की वजह से प्रधानमंत्री ने आपको चुनाव अभियान से बाहर किया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भोपाल आने से पहले मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने ट्वीट किया, ‘शिवराज जी, आज आप जरा धीरज से काम लीजिएगा। प्रधानमंत्री जब भी मध्यप्रदेश आते हैं, तो आप उन्हें अपने किसी न किसी झूठ में शामिल करा लेते हैं। आपकी झूठ की मशीन से मध्यप्रदेश की जनता के साथ प्रधानमंत्री भी त्रस्त हैं, इसीलिए उन्होंने पूरे चुनाव अभियान से आपको बाहर कर दिया है। आप देश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री बन गए हैं, जो मुख्यमंत्री तो हैं, लेकिन मुख्यमंत्री का चेहरा नहीं हैं।’

कमलनाथ ने आगे लिखा

रीवा में आपने PM के सामने बोल दिया कि किसानों की आमदनी दोगुनी से अधिक हो गई है, जबकि उनके नीति आयोग की रिपोर्ट में मध्यप्रदेश के किसानों की आमदनी घटी थी। भोपाल में आपने उन्हें गलत परचा पकड़ा दिया और वे मध्यप्रदेश में पेट्रोल की कीमत 100 रुपए लीटर से कम बता गए। इस तरह उन्हें दूसरे झूठ में शामिल कर लिया। गैस सिलेंडर की कीमतों पर भी आपका झूठ प्रधानमंत्री से टकरा रहा है। आप देते किसी को नहीं, लेकिन कहते हैं कि सिलेंडर 450 रुपए का देंगे। वहीं, PM कहते हैं कि सिलेंडर 900 रुपए का देंगे। PM की सागर जिले की यात्रा में आपने उनसे कहला दिया कि कांग्रेस सरकार ने बुंदेलखंड पर ध्यान नहीं दिया, जबकि UPA सरकार ने 7200 करोड़ रुपए का विशेष बुंदेलखंड पैकेज दिया था।

135 Views

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!