अनोखा तीर, भैरूंदा। भारतीय जनता पार्टी की जन आशीर्वाद यात्रा शुक्रवार को बुधनी विधानसभा क्षेत्र पहुंची। इस दौरान यात्रा का बुधनी, पीलीकरार, बांया, सलकनपुर, मालीबांया, रेहटी, कलवाना, रमगढ़ा, सतराना, नंदगांव, राला, भैरुंदा में कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत सत्कार कर आगवानी की। यात्रा में प्रमुख रूप से मौजूद प्रदेश चुनाव प्रभारी व केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने इस दौरान कहा कि देश-प्रदेश के विकास में भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने इतिहास रचे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केवल विकास ही नहीं किया, बल्कि जनता को आत्मसम्मान से जीने का अधिकार दिया है। उन्होंने कहा कि हमने 2003 से पहले का मध्य प्रदेश देखा हैं। जहां सड़क पर गड्ढे नहीं बल्कि गड्ढों में सड़कें हुआ करती थीं। लोगों को लालटेन युग में जीने को मजबूर होना पड़ रहा था। वहीं आज के मध्यप्रदेश में जहां 24 घंटे बिजली की सुविधा, किसानों को खेतों में निश्चित बिजली की उपलब्धता, चारों तरफ सड़कों का जाल और आम लोगों के लिए योजनाओं की भरमार दिखाई दे रही हैं। रथ पर प्रदेश सरकार के मंत्री राज्यवर्धन सिंह दत्तीगांव, कृषि मंत्री कमल पटेल, सांसद रमाकांत भार्गव, भाजपा नेता गुरुप्रसाद शर्मा, राजेन्द्र सिंह राजपूत, सीएम पुत्र कार्तिकेय सिंह चौहान, जिलाध्यक्ष रवि मालवीय,भाजपा नेता रघुनाथ सिंह भाटी, महेश उपाध्याय सवार थे।
कांग्रेस की नीति खाने, भाजपा की नीति देने की है
केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर नेे कहा कि भाजपा की नीति हमेशा सेे देने की रही है। इसी का परिणाम है कि भाजपा ने हमेशा से कई जनहितेषी योजनाएं लोगों को दी हैं। घर दिए हैं, अब लाड़ली बहनाओं को एक हजार रुपए प्रतिमाह भी दिए जा रहे हैं। किसानों को सम्मान निधि दी जा रही है, लेकिन कांग्रेस के शासनकाल में हमारे द्वारा दी गई योजनाओं को ही बंद कर दिया गया था। कांग्रेस की हमेशा से नीति रही है लेने की और उन्होंने भाजपा द्वारा दी गई योजनाओं को भी लोगों से छीन लिया। कार्तिकेय सिंह चौहान ने कहा कि बुधनी विधानसभा में विकास के कई आयामों को गढ़ा गया है। यहां के गांव-गांव में सड़कों का जाल बिछाया गया है तो वहीं घर-घर सरकार की योजनाएं पहुंच रही हैं। यात्रा शाम करीब 6 बजे रेहटी व 8 बजे भैरुंदा पहुंची। यहां पर यात्रा का 16 से अधिक मंचों से फूलवर्षा कर स्वागत-सत्कार किया गया। रेहटी नगर परिषद अध्यक्ष राजेंद्र मीना पटेल, भैरुंदा अध्यक्ष मारुति शिशिर सहित पार्षदों एवं स्थानीय नेताओं ने स्वागत, सत्कार किया।
यात्रा से पहले कांग्रेसियों को किया नजरबंद, नहीं कर सके विरोध
बुधनी विधानसभा में यात्रा के विरोध की आशंका के बीच पुलिस ने बुधनी विधानसभा के कांग्रेस नेता एवं प्रदेश किसान कांग्रेस के महामंत्री विक्रम मस्ताल शर्मा, विपत सिंह उइके सहित करीब एक दर्जन से अधिक नेेताओं, कार्यकर्ताओं को नजरबंद कर दिया है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने इन नेताओं को नजरबंद करके अलग-अलग जगह रखा। यहां बता दें कि यात्रा को लेकर विक्रम मस्ताल शर्मा ने एक दिन पहले वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया था, जिसमें उन्होंने जन आशीर्वाद यात्रा को बर्बाद यात्रा करार दिया था तो वहीं उन्होंने मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी से पूछा है कि किस बात का आशीर्वाद ले रहे हैं। उन्होंने यात्रा का विरोध भी जताया था, वहीं कांग्रेस की तैयारियां यात्रा को काले झंडे दिखानेे की भी थी, लेकिन इससेे पहले ही रेहटी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कांग्रेस नेताओं को नजरबंद कर दिया।
Views Today: 2
Total Views: 18