अनोखा तीर, भोपाल। टाइगर स्टेट मप्र के बांधवगढ़ नेशनल पार्क के बफर जोन में नाले में बहते हुए टाइगर का शव मिला। टाइगर का शव तीन-चार दिन पुराना बताया जा रहा है, उसका सिर सड़ गया था। बांधवगढ़ नेशनल पार्क के प्रभारी फील्ड डायरेक्टर लखन सिंह उईके ने शिकार की संभावना से इनकार किया है। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मानपुर बफर जोन के छुड़हाई नाले के पास शनिवार को एक टाइगर का शव क्षति-विक्षिप्त हालत में मिला टाइगर का सिर सड़ चुका था। अधिकृत जानकारी के अनुसार शव चार-पांच दिन पुराना है। टाइगर की उम्र 5 साल बताई जा रही है। बाघ का शव नाले में पाया गया जिसके कुछ भागों के ऊपर पानी बहाव के कारण रेत जमा पाई गई। शव की स्थिति देख प्रतीत हो रहा है कि शव अन्यत्र से पानी के साथ बह कर आया है। सिर को छोड़कर टाइगर के समस्त अंग मौके से सुरक्षित पाए गए हैं। सिर के भाग के पानी के साथ बह जाने की संभावना बताई जा रही है। नाले में विशेष दल बनाकर खोज कराई जा रही है। सक्षम अधिकारियों की उपस्थिति में 3 वन्यप्राणी चिकित्सकों के दल द्वारा पोस्टमार्टम किया गया। फोरेंसिक जांच के लिए आवश्यक सैंपल एकत्रित किए गए। विस्तृत जानकारी हेतु सैंपल फोरेंसिक जांच के लिए भेजे जाएंगे। शासन द्वारा निर्धारित प्रोटोकाल के अनुसार सक्षम अधिकारियों की उपस्थिति में शव जलाकर नष्ट किया गया।

