देवास- मध्यप्रदेश अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के जिलेभर के कर्मचारी प्रांतीय आव्हान एक दिवसीय हड़ताल पर रहे। समस्त संगठनों के कर्मचारियों ने सामूहिक हड़ताल कर कलेक्टर कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया। मोर्चा एवं लिपिक वर्ग जिलाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह राजपूत ने बताया संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारी चामुण्डा काम्पलेक्स पर एकत्रित हुए। जहां से कलेक्टर कार्यालय, जिला कोषालय, तहसील, शिक्षा विभाग, वन विभाग, पशु चिकित्सा, जिला अस्पताल कार्यालय, डाइड केपी कॉलेज, आईटीआई, आदिम जाति, महिला बाल विकास आदि विभागों में घूमकर हड़ताल की स्थिति का जायजा लिया एवं कार्यालयों में प्रदर्शन भी किया। इस दौरान जानकारी मिली कि कर्मचारियों ने एक दिन पूर्व ही कार्यालय प्रमुख को हड़ताल पर जाने हेतु आवेदन पत्र प्रस्तुत कर दिया था।
भ्रमण के दौरान शासकीय विभाग खाली पाए गए। जिसके तहत संयुक्त मोर्चा द्वारा की गई एक दिवसीय हड़ताल पूर्ण रूप से सफल रही। हड़ताल के दौरान मोर्चा के कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली, विभागध्यक्ष और अधीनस्थ लिपिकों को मंत्रालय के समान वेतनमान देने, आयुष्मान कार्ड का लाभ, वेतन विसंगति सहित 39 सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर मोर्चा संरक्षक व पेंशनर्स संघ जिलाध्यक्ष गंगासिंह सोलंकी, तृतीय श्रेणी कर्मचारी संघ अध्यक्ष अशोक वर्मा, लघु वेतन कर्मचारी संघ अध्यक्ष जगदीश तंवर, परमानंद चौहान, जगदीश चौधरी, नरेंद्रसिंह कंसाना, रामस्वरूप कहार, सुभाष शर्मा, गोरधनलाल सहित मोर्चा के अधिकारी व कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
Views Today: 2
Total Views: 90

