खण्डवा- मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा समाज में प्रेम सौहार्द तथा समरसता का भाव जगाने हेतु स्नेह यात्रा छैगांवमाखन विकासखंड के विभिन्न ग्रामों में पहुंची। समरसता का भाव जगाने हेतु यात्रा का नेतृत्व पूज्य महामंडलेश्वर संत स्वामी विवेकानंद पूरी जी महाराज एवं पूज्य संत दिव्यानंद जी महाराज द्वारा किया जा रहा है। यह यात्रा जिले के ग्राम गजवाड़ा से प्रारंभ की गई। यात्रा में पंतजली योग पीठ, गायत्री परिवार, रामचंद्र मिशन के सदस्य, जनपद पंचायत की सी.ई.ओ. श्रीमती स्नेहलता काजले सहित जन अभियान परिषद के सदस्य भी शामिल हुए।
यात्रा के प्रमुख संत स्वामी विवेकानंद पूरी जी महाराज ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि हम सब के भीतर एक ही ईश्वर विराजमान हैं, ईश्वर कभी अपने संतानों में भेद नहीं करता है और हम सब को भी समाज में एक दूसरे के बीच समानता के भाव को जाग्रत कर धर्म की रक्षा के लिए समाज की रक्षा के लिए एक होना है, इसी उद्देश्य को लेकर आज हम सब आपके बीच में उपस्थित हुए हैं।

उन्होंने इस दौरान ग्रामीणजनों को नशा मुक्ति का संकल्प लेने की अपील की और कहा कि गांव को नशा मुक्त बनाना है। यात्रा के दौरान स्वामी विवेकानंद पूरी जी महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का संकल्प है कि समाज में प्रेम, सौहार्द तथा समरसता का भाव जगाना है, इसके लिये स्नेह यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राम जी के हम है और राम जी हमारे है का भाव जाग्रत किया।
यात्रा ग्राम गजवाड़ा से प्रारंभ होकर ग्राम टिटगांव, देवलामाफी, अजंटी, अहमदपुर खैगांव, सिलोदा, आबूद, चमाटी, कोंडावद एवं मोकलगाव में यात्रा का प्रवेश हुआ। प्रत्येक ग्राम में स्वामी जी द्वारा समाज जनों के मध्य रक्षा सूत्र का बंधन किया गया। यात्रा के दौरान उपस्थित जन समुदाय को भारतीय समाज की एकता व अखंडता की शपथ दिलाई गई।
इस दौरान जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक जगदीश पटेल ने बताया कि साधु-संतों के सानिध्य में समाज के विभिन्न वर्गों में आत्मीयता का भाव बढ़ाने और सामाजिक समरसता के उद्देश्य को लेकर प्रदेशव्यापी स्नेह यात्रा का शुभारंभ हुआ। यह यात्रा पूरे प्रदेश के सभी विकासखंडों में एक साथ शुरू हुई थी। स्नेह यात्रा में साधु संत समाज ने आध्यात्म के रास्ते समाज में शांति, प्यार और सौहार्द का वातावरण निर्मित करने के लिए संवाद किया तथा सामाजिक एकता के संदर्भ में उपस्थित जन समुदाय को मार्गदर्शन प्रदान किया गया। यात्रा के दौरान जिले में संत भ्रमण कर रहे और वहाँ की बस्तियों में जाकर समरसता के भाव से जन-मानस से संवाद कर रहे है।
Views Today: 2
Total Views: 132

