गोपालपुर बनेगी नई तहसील, चकल्दी में खुलेगा महाविद्यालय
गौवशं की सुरक्षा के लिए होगा गौ शालाओं का निर्माण, हुआ गोपालपुर मंडी का शुभारंभ
भैरूंदा। इस क्षेत्र में पैदल यात्रा, नाव यात्रा, आंदोलन और प्रदर्शन किए, जनता से प्यार मिला, यदि कहूं तो सहीं अर्थो में जनता ने ही मुझे शिवराज बनाया है। मैंने सीएम नहीं बल्कि परिवार के मुखिया के रूप में सरकार चलाई। उक्त बातें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गोपालपुर व चकल्दी में आयोजित विकास पर्व कार्यक्रम के तहत जनता से कहीं। उन्होंने पूर्ववर्ती कांगे्रस सरकार और पूर्व मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि कल आए थे और एक बार फिर जनता को झूठा आश्वासन देकर चले गए। कांगे्रस की 18 महीने की सरकार में एक पत्थर भी विकास के नाम पर नहीं लग पाया। प्रदेश में बेरोजगारों को भत्ता तक नहीं दिया और कर्ज माफी के नाम पर किसानों को गुमराह किया। मैंने किसानों को राहत देते हुए कर्ज का ब्याज माफ किया। सीएम ने कहा कि मैं सवा करोड़ बहनों का भाई हूं। एक साल में प्रदेश की बहनों को 15 हजार करोड़ रुपए की राशि लाड़ली बहना के रूप में दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह पैसा नहीं बल्कि बहनों का स्वाभिमान व सम्मान है। उन्होंने भारी संख्या में मौजूद लाड़ली बहनों से वादा किया कि एक हजार रुपए से राशि बड़ाकर धीरे-धीरे तीन हजार रुपए तक लेकर जाऊंगा। साथ ही कहा कि मैं प्रदेश की किसी भी बहन को गरीब नहीं रहने दूंगा। मेरा मकसद हैं कि बहनों की आमदनी कम से कम 10 हजार रुपए महीना होना चाहिए। इसके लिए हमने निर्णय लिया हैं कि हम अब छोटे टोल टैक्स भी बहनों के हवाले करेंगे और उन्हें तीस फीसदी की हिस्सेदारी देंगे। उन्होंने कहा कि मेरा मिशन प्रदेशवासियों की जिंदगी बदलना हैं। यह माटी का पुतला हैं, इसे प्रदेशवासियों के उद्धार के लिए लगाना है। मुख्यमंत्री ने इस दौरान चकल्दी में तीन गांवो को जोडऩे वाली लगभग 11 करोड़ की लागत की पाटतलाई उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकापर्ण किया। उन्होंने चकल्दी में 81 करोड़ 44 लाख के विभिन्न निर्माण कार्यो का भूमि पूजन व लोकापर्ण व गोपालपुर में 52 करोड़ 5 लाख रुपए के कार्यो का भूमि पूजन एवं लोकापर्ण किया। सीएम ने गोपालपुर में 1 करोड़ 69 लाख की लागत से बने नवीन उपकेंद्र गोपालपुर का लोकापर्ण किया। उन्होंने दोनों ही जगहों पर 133 करोड़ रुपए के विकास कार्यो की सौगात दी। कार्यक्रम में सांसद रमाकांत भार्गव , गुरुप्रसाद शर्मा, राजेन्द्र सिंह राजपूत, विधायक करण सिंह, आशीष शर्मा, रघुनाथ मालवीय, निर्मला सुनिल बारेला, रघुनाथ सिंह भाटी, जिलाध्यक्ष रवि मालवीय, जिला पंचायत अध्यक्ष गोपाल इंजीनियर सहित सभी मंडल अध्यक्ष मौजूद थे।
गौ माता के लिए होगी गौ शाला की व्यवस्था
सीएम ने मंच से कमिश्नर व कलेक्टर को निर्देश देते हुए कहा कि गौ माता सडक़ो पर हैं। हमारा परम कर्तव्य हैं कि हम गौ माता की देखभाल करे। इसलिए तत्काल गौ शालाएं तैयार कराई जाए। जितनी जमीन हमारे पास हैं, उन पर काम लगाया जाए। जहां भी बड़े मैदान मिले वहां गौ माताओं को शिफ्ट किया जाए। गौ शालाओं के निर्माण के लिए मैं पैसे की कमी नहीं आने दूंगा। एक माह के अंदर संपूर्ण गौ माता की व्यवस्था की जाना हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की जिंदगी उनकी फसल होती हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी हमारी बनती है। इसलिए जितनी जल्दी गौ शालाओं का निर्माण हो सके उसे पूरा करना है।
गोपालपुर बनेगी तहसील, दी मंडी की सौगात
श्री सिंह ने कहा कि बुदनी में रेहटी और बुदनी दो तहसील है। भैरूंदा तहसील का क्षेत्रफल बड़ा होने से वहां पर भी किसानों को अपने कामों को कराने के लिए दूरी तय करना पड़ती हैं। इसलिए गोपालपुर टप्पे के तहत आने वाली सभी ग्राम पंचायतों व गांवो को मिलाकर अब गोपालपुर को नई तहसील बनाया जाएगा। जिससे ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। श्री सिंह ने लंबे समय से खुलने का इंतजार कर रही कृषि उपज मंडी की शुरुआत कर साकेंतिक रूप से फसल की नीलामी का कार्य शुरु कराया। अब गोपालपुर क्षेत्र के ग्रामीणों को अपनी फसल बेचने के लिए भैरूंदा सहित अन्य मंडियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इसके अतिरिक्त उन्होंने चकल्दी के आसपास बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्र होने के कारण मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों की समस्याओं का निराकरण करते हुए महाविद्यालय खोले जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि चकल्दी के आसपास अनेक गांव बसे हैं, जिनके विद्यार्थियों को स्नातक की पढ़ाई के लिए लंबा सफर तय करना पड़ता है, जिसे देखते हुए उन्होंने यहां महाविद्यालय खोले जाने की बात कहीं।
एनएच 146 बी की मरम्मत कराएगी राज्य सरकार
बुदनी से लेकर संदलपुर तक जर्जर हो चुकी सडक़ की मरम्मत राज्य सरकार कराएगी। हालांकि यह सडक़ नेशनल हाईवे घोषित हो चुकी है, लेकिन जब तक केंद्र सरकार से राशि नहीं आती है, तब तक राज्य सरकार इस सडक़ की मरम्मत करेगी। जिससे कि आवागमन में सुविधा हो सकेगी वहीं दुर्घटनाओं पर विराम लग सकेगा।
661 किसानों की 890 हैक्टेयर कृषि भूमि होगी सिंचित
सीएम ने चकल्दी में आयोजित कार्यक्रम में कोलार परियोजना के तहत 10 करोड़ 97 लाख की लागत से पाटतलाई उद्वहन सिंचाई योजना का लोकार्पण किया। लोकापर्ण के बाद तीन गांवों पाटतलाई, अमीरगंज एवं पलासपानी के किसानों को सुगमता से सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो सकेगा। इस योजना से 661 किसानों की 889.07 हैक्टेयर कृषि भूमि सिंचित हो सकेगी। योजना के तहत दाई मुख्य नहर की आरडी 10.840 किलोमीटर पर एक पम्प हाउस का निर्माण किया गया है, जिससे 80 मीटर पानी लिफ्ट किया जाएगा। इस लिफ्ट पानी का उपयोग किसान स्प्रिंकलर के माध्यम से सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली के तहत सिंचाई में कर सकेंगे।
मैगा हेल्थ कैंप में 3825 मरीजों को किया दवाओं का वितरण
चकल्दी में मुख्यमंत्री मैगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 4123 आयुष मरीजों ने अपना उपचार कराया। कैंप में 3825 मरीजों को दवाओं का वितरण किया गया। फ्री चैकअप कैंप के तहत 209 मरीजों की सोनोग्राफी, 20 मरीजों का एक्सरा, 1425 मरीजों की आंखो की जांच, 832 गायनिक मरीज, 127 दांतो के मरीज, 20 न्यूरोलॉजी, 12 कार्डियालॉजी एवं 28 पुलमोनरी से संबंधित मरीजों का उपचार किया गया।
बहनों ने किया बड़ी राखी से सीएम का स्वागत
मंच पर सीएम शिवराज सिंह चौहान का महिला मोर्चा की बहनों के द्वारा बड़ी राखी से स्वागत किया गया। इस दौरान लगभग 6 फीट लंबी राखी बहनों के द्वारा तैयार की गई थी। जिसे बनाने में 10 घंटे का समय लगा था। जिला पंचायत सदस्य जलज चौहान, श्रीमती मंजू मालवीय, अलका चौहान सहित अन्य महिलाओं के द्वारा सीएम को राखी भेंट की।
Views Today: 4
Total Views: 18