बैतूल- शहर के बैतूल थाना अन्तर्गत किदवई वार्ड में स्थित शारदा नगर कालोनी में पुलिस गश्ती बढ़ाने, अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार करने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग को लेकर वार्डवासियों ने एसपी से भेंट कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। इस संबंध में वार्डवासी कमलेश चौहान ने बताया कि विगत् मई माह से लगातार चोरी की घटनाएं हो रही है। जिसके कारण कालोनी के निवासियों में दहशत व्याप्त है। कालोनीवासियों द्वारा चोरी की घटना होने पर पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। वार्ड की महिलाओं द्वारा 31 जुलाई को पुलिस अधीक्षक ज्ञापन सौंपकर चोरी की घटनाओं पर अकुंश लगाने एवं क्षेत्र में पुलिस गश्ती बढ़ाने हेतु निवेदन किया गया था। इसके बावजूद भी पुलिस द्वारा न तो अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है ना ही वार्ड में पुलिस गश्ती बढ़ाई गई है। चोरों के हौसले बुलंद है।
पहले चोरों द्वारा रात्रि में खाली घरों को निशाना बनाया जा रहा था परन्तु वर्तमान की घटनाओं में अब जिन घरो में लोग मौजूद है उसके बाद भी चोरो द्वारा दिन एवं रात्रि में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। जिससे लगता है कि वारदात करते वालों के मन में पुलिस का नाममात्र का भय नही रहा है। इस संबंध में वार्ड के जागरूक निवासियों द्वारा पुन: पुलिस अधीक्षक के समक्ष उपस्थित होकर ज्ञापन के माध्यम से वार्ड में चोरी की लगातार बढ़ रही घटनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। एवं सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी उपलब्ध कराए गए है। जिसमें चोरी घटना को अंजाम देने वाले व्यक्ति दिखाई दे रहे है। उनके हाथों में विभिन्न प्रकार के हथियार, राड़ आदि स्पष्ट दिख रहे है। ज्ञापन सौंपते समय कालोनी के निवासी प्रवीण जोशी, राजेश भुमरकर, नारायणसिंग नगदे, एके सोनी, सुनील पंडाग्रे, विजय हुददार, सोनू हेडाऊ, मयंक आर्य, हितेश गीद, दिनेश सोनी सहित अन्य वार्डवासी उपस्थित रहें।

