अनोखा तीर, देवास। पूर्व मुख्यमंत्री एवं मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ का मोबाइल हैक करने का मामला सामने आया है। पूर्व सीएम कमलनाथ के नंबर को हैक कर देवास शहर कांग्रेस अध्यक्ष से 10 लाख रुपए देने की मांग की गई। मामले में शहर कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी ने बुधवार शाम को एसपी को शिकायत कर फ्रॉड व्यक्तियों पर कार्रवाई करने को लेकर आवेदन सौंपा है। मामले में मनोज राजानी ने बताया कि मेरे पास पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के नंबर से कॉल और उन्होंने कहा कि वैभव गहलोत जयपुर से आप से बात करेंगे थोड़ी देर बाद उन्हें आप 10 लाख रुपए दे देना, मैं कमलनाथ के यहां से बोल रहा हूं। चूंकि मेरे पास उनका नंबर पहले से सेव था में पहली बार में समझ गया था कि कुछ गड़बड़ है। पांच मिनट बाद मेरे पास फिर एक फोन आया उन्होंने कहा में जयपुर से वैभव गहलोत बोल रहा हूं। जो साहब ने कहा वह कर दीजिए। मैंने जवाब दिया कि बताता हूं। चूंकि विधानसभा सत्र चल रहा था पूर्व सीएम कमलनाथ से चर्चा नहीं कर पाया। फिर मामले में मैंने पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा को पूरा किस्सा बताया। उन्होंने कहा यह सब गलत है उनका फोन हैक हो गया है। इस पर मैंने पुलिस अधीक्षक को शिकायत की है और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

