देवास- लीड केपी कॉलेज में साइंस संकाय प्रारंभ करने की मांग को लेकर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन कर प्राचार्य डॉ. रतनसिंह अनारे को ज्ञापन सौंपा और कॉलेज में जमकर नारेबाजी की गई। पूर्व एनएसयूआई जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह गौड़ ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने लीड केपी कॉलेज में साइंस संबंधित विषय इसी सत्र से प्रारंभ करने की मांग की। यह लीड कॉलेज है यहां पर सभी विषय संचालित होना चाहिए। जब तक यहां पर साइंस विषय संचालित नहीं होगा तब तक हम धरना प्रदर्शन जारी रखेंगे। दो दिन पूर्व भी हमने कॉलेज प्राचार्य को अवगत कराया था छह माह पहले भी हम अवगत करा चुके है। इस बात को आगे नहीं पहुंचाया गया। लेकिन आज हमने उग्र आंदोलन किया है
साइंस कॉलेज शहर से 12 किलोमीटर है दूर
विद्यार्थियों का कहना है कि साइंस कॉलेज यहां से 10 से 12 किलोमीटर दूर शिफ्ट हो गया है जिससे विद्यार्थियों को आने जाने में बहुत ही परेशानी हो रही है नियम यह कहता है कि जिले का लीड कॉलेज सभी कोर्स संचालित कर सकता है लेकिन हमारे यहां पर साइंस के नाम से कोई कोर्स संचालित नहीं हो रहा है अगर लीड कॉलेज में ही साइंस नहीं रहेगा तो बच्चा मजबूरन पढऩे के लिए प्राइवेट कॉलेज में जाएगा। विद्यार्थी पहले भी ज्ञापन के माध्यम से साइंस संकाय केपी कॉलेज में पढ़ाने की मांग कर चुके हैं।
इधर प्राचार्य डॉ. रतन सिंह अनारे ने कहा कि साईंस संकाय इस महाविद्यालय में प्रारंभ किया जाए इस लिए इन्होंने प्रदर्शन किया। शासन को मेल के द्वारा हम सूचना दे देंगे। उसके बाद जैसे स्वीकृति मिलेगी संकाय प्रारंभ करने का प्रयास करेंगे।

