पुछताछ के लिये तीन दिन का रिमांड मिला
अवैध मादक पदार्थ के विरूद्ध सिविल लाइन पुलिस ने छठवीं बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान देवास जिले की सतवास तहसील अंतर्गत रहने वाले एक युवक को 9 किलो 600 ग्राम गांजा के साथ पकड़ा है। जिसे दूसरे दिन यानि मंगलवार को न्यायालय में पेश किया। जहां से पुलिस को मांग अनुरूप तीन दिन का रिमांड मिला है। रिमांड अवधि में पुलिस प्रकरण से जुड़े अन्य बिन्दूओं पर जानकारी जुटाएगी, ताकि अवैध व्यापार की कमर तोड़ी जा सके। इधर, गांजे की इतनी बड़ी खेप पकड़ाने के बाद इस अवैध कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
अनोखा तीर, हरदा। अवैध मादक पदार्थो की खरीद-फरोख्त को लेकर जिला पुलिस एक्शन में है। परिणाम स्वरूप गांजा, अफीम, स्मैक और डोडा चूरा सहित अन्य पदार्थो के सप्लायरों को धड़ाधड़ दबोचा जा रहा है। जिसके चलते इस गोरखधंधे में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। बता दें कि मुख्यालय पर सोमवार को सिविल लाइन पुलिस एक ऐसे युवक को दबोचने में कामयाबी हासिल की, जो शहर में अवैध मादक पदार्थ गांजे की बड़ी खेप लेकर आने के साथ ही उसे खपाने की नीयत से घूम रहा था। इस बीच मुखबिर से मिली खबर के आधार पर सिविल लाइन पुलिस ने घेराबंदी कर सतवास निवासी निखिल सेन को पकड़ लिया। वहीं पकड़ने के बाद उसके पास रखे झोले की तलाशी ली। इस दौरान उसके झोले से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर आरोपी निखिल के साथ सिविल लाइन थाना लेकर आई। जहां गांजा जप्त करने के साथ ही उसका वजन कराया गया। जो कि 9 किलो 600 ग्राम निकला। जिसकी अनुमानित कीमत एक लाख रूपये से अधिक बताई जा रही है। सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी निखिल सेन के विरूद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा ८/१० अंतर्गत अपराध कायम कर आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है। उल्लेखनीय है कि पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार कंचन के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश्वरी महोबिया एवं प्रभारी एसडीओपी श्री सिसोदिया के निर्देशन में थाना प्रभारी सिविल लाइन निरीक्षक राजेश साहू के नेतृत्व में सिविल लाइन थाना की एक टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। यहां बताना होगा कि नशे के सौदागरों के खिलाफ इसे पहले भी पांच बड़ी कार्रवाई की है।
सप्लायर से करेंगे पूछताछ
सिविल लाइन पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रिमांड अवधि में आरोपी निखिल पिता राजेश सेन उम्र २४ वर्ष से जप्तशुदा गांजे के बारे में पुछताछ की जाएगी। इस दौरान आरोपी से पता लगाएंगे कि गांजा कहां से और किससे लेकर आया और किन्हें सप्लाई करने की फिराक में था। ताकि गांजे के अवैध कारोबार की चेन तोड़ी जा सके।
दूसरे राज्य से गांजे की एन्ट्री
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को प्रारंभिक पुछताछ में पता चला कि आरोपी दूसरे राज्यों से गांजा लेकर आता था। यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से हंडिया और नसरूल्लागंज में चोरी के प्रकरण पंजीबद्ध हुए थे। रिमांड अवधि में पुलिस गांजे की खरीद व उसकी सप्लाई से जुड़े तमाम सवालों से पर्दा उठाएगी।
इनकी महती भूमिका
संपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश साहू, सहायक उपनिरीक्षक दिनेश शेखावत, सहायक उपनिरीक्षक संतोष बामने, सहायक उप निरीक्षक संदीप भदौरिया, प्रधान आरक्षक कुलदीप प्रधान, आरक्षक अजय रघुवंशी, आरक्षक सुनील शर्मा, आरक्षक सायबर सेल कमलेश परिहार, मयंक सिंह, लोकेश सातपुते तथा मनोज दोहरे सहित सिविल लाइन थाना के समस्त स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
Views Today: 2
Total Views: 356

