अनोखा तीर, हंडिया। जिले से 21 किलोमीटर की दूरी पर स्थित कुबेर की नगरी हंडिया में आज सर्व पितृमोक्ष अमावस्या के महापर्व पर अलसुबह से ही नर्मदा के दोनों किनारों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। हजारों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। हर हर नर्मदे, ओम नम: शिवाय के जयघोष से शिव नगरी गूंज उठी। पितृमोक्ष अमावस्या से एक दिन पूर्व नर्मदा के रिद्धनाथ घाट, सड़कपुरा घाट, कामाख्या मंदिर घाट पर भारी संख्या में लोगों का जनसैलाब उमड़ा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने बैरिकेड लगवाकर ट्रैफिक को कंट्रोल किया, बावजूद इसके रुक-रुक कर वाहनों का जाम होता रहा। बस स्टैंड पर भी रुक-रुक कर जाम की स्थिति बनती रही, जिसे संभालने में पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी। भूतड़ी अमावस्या पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए। श्रद्धालुओं की सुविधा, स्नान के दौरान सुरक्षा और भीड़ के प्रबंधन को लेकर संबंधित अमला सतर्क रहा। पूरे दिन नर्मदा तटों पर धार्मिक गतिविधियों का माहौल बना रहा।
पितृमोक्ष अमावस्या पर नर्मदा तटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब







