-देवी मंदिरों, भिलट बाबा देवस्थान पर नौ दिनों तक होंगे विभिन्न आयोजन
अनोखा तीर, सोडलपुर। ग्राम सहित आसपास के पूरे क्षेत्र में रविवार से शारदीय नवरात्रि पर्व की शुरुआत होगी। नौ दिनों तक चलने वाले इस पर्व को लेकर गांव में उत्साह का माहौल है। पिछले चार दिनों से दुर्गा उत्सव समितियां पंडालों को सजाने और आयोजन की तैयारियों में जुटी हुई हैं। रविवार को शुभ मुहूर्त में घटस्थापना के साथ दुर्गा पंडालों में देवी प्रतिमाएं विराजमान की जाएंगी। वहीं, मंदिरों में भी घटस्थापना कर विशेष पूजा-अर्चना शुरू होगी। ग्राम में पांच स्थानों पर देवी प्रतिमाएं विराजमान की जाएंगी। इनमें कान्हा बाबा चौक, टीटी नगर, बाजार चौक, मालीपुर और इंदिरा कॉलोनी के दुर्गा पंडाल शामिल हैं। सभी स्थानों पर समितियों द्वारा पंडालों को आकर्षक रूप से सजाया जा रहा है। नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन माता रानी की आरती और पूजा-अर्चना सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे।
देवी मंदिरों में भी होगी विशेष पूजा-अर्चना
नवरात्रि पर्व के अवसर पर ग्राम के सात देवी मंदिरों में भी नौ दिनों तक विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। इनमें शीतला माता, कुयली वाली माता, जाखड़ माता, जमवाय माता, तनोट माता, सच्चाई माता और आई माता मंदिर सहित अन्य देवी मंदिर शामिल हैं। इसके अलावा भिलट बाबा देवस्थान पर भी नौ दिनों तक विशेष पूजा-अर्चना और आरती होगी।







