अनोखा तीर, टिमरनी। विद्या भारती द्वारा संचालित व्यसन मुक्ति अभियान पखवाड़े के अंतर्गत समाज एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न विद्यालयों में जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, टिमरनी के पूर्व छात्र नीरज गर्ग एवं डॉ. प्रणय शर्मा ने नगर के सनराइज स्कूल एवं स्थानीय विद्यालय में व्यसन मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में नीरज गर्ग एवं डॉ. प्रणय शर्मा ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए बताया कि नशा व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने, अपने मित्रों एवं परिवारजनों को भी इसके प्रति जागरूक करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को जीवन में कभी भी किसी प्रकार का नशा न करने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई गई। विद्या भारती का यह अभियान युवाओं में सकारात्मक सोच विकसित करने, स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। विद्यालयों में पूर्व छात्रों के माध्यम से चलाया जा रहा यह जनजागरण अभियान विद्यार्थियों को सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करने में सहायक सिद्ध हो रहा है। इस अभियान के अंतर्गत सरस्वती शिशु मंदिर टिमरनी में भी भैया बहनों ने नगर में रैली निकालकर समाज जागरण का कार्य किया।
विद्या भारती ने विद्यार्थियों को दिलाई नशा न करने की शपथ







