-बच्चों ने उठाई सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज
अनोखा तीर, सोडलपुर। ग्राम के कान्हा बाबा चौक पर आदर्श बाल विकास हा.से. स्कूल में नवरात्रि के पावन पर्व पर आयोजित विशेष गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज में व्याप्त कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया। गतिविधि में विद्यार्थियों ने गरीबी, बाल विवाह, भ्रूण हत्या, अत्याचार, दहेज प्रथा और शोषण जैसी सामाजिक बुराइयों को प्रदर्शित कर इनके उन्मूलन का आह्वान किया। कार्यक्रम में देवी स्वरूप में सजी छात्रा ने शिक्षा का संदेश देते हुए यह प्रेरणा दी कि शिक्षा ही वह शक्ति है, जो समाज की सोच बदल सकती है और बेटियों को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बना सकती है। विद्यालय का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना ही नहीं, बल्कि बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी, नैतिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं का विकास करना भी है। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि बेटियों को सम्मान, समान अवसर और शिक्षा प्रदान करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि नवरात्रि केवल देवी आराधना का पर्व नहीं, बल्कि नारी शक्ति के सम्मान और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का भी अवसर है। जब हर बेटी शिक्षित होगी और हर बच्चे में सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूकता आएगी, तभी एक बेहतर, सुरक्षित और समानता पर आधारित समाज का निर्माण संभव होगा। देवी की पूजा तभी सार्थक होगी, जब हर बेटी को सम्मान, सुरक्षा और शिक्षा मिलेगी।







