खंडवा :- जिले के ग्राम बराड़ में शाम एक कुएं की खोदाई के दौरान प्राचीन शिवलिंग निकला। यहां हनुमानजी और माताजी की मूर्ति भी मिट्टी में निकली है। सूचना मिलते ही गांव में शिवलिंग के दर्शन करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने फूल अर्पित करते हुए भगवान शिव के जयकारे लगाए।
आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी यहां लोग शिवलिंग और अन्य मूर्तियों के दर्शन के लिए पहुंचे। गांव के विजय सिंह दरबार ने बताया कि यहां प्राचीन बावड़ी से करीब दस फीट दूर ग्राम पंचायत द्वारा कुएं की खोदाई कराई जा रही है। करीब पांच फीट तक की खोदाई की गई। इसी कुएं के पास ही कुछ युवा गैती और फावड़े की मदद से मिट्टी हटा रहे थे, तभी यहां शिवलिंग नजर आया।

शिवलिंग करीब ढाई फीट ऊंचा है। कुछ ग्रामीण लोगों का कहना है कि वर्षों पुरानी बावड़ी के पास पहले कभी मंदिर रहा होगा। ग्राम सचिव जितेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि गांव में शासकीय योजना के तहत कुएं की खोदाई कराई जा रही है। खोदाई का काम अभी पूरा नहीं हुआ है। जिस स्थान पर शिवलिंग और अन्य मूर्तियां निकली है। वहां ग्रामीणों द्वारा मंदिर का निर्माण कराने की बात की जा रही है। शीघ्र ही इस विषय में निर्णय लिया जाएगा।
Views Today: 2
Total Views: 78

