रिजल्ट आते ही खिल उठे विद्यार्थियों के चेहरे, हायर सेकेंडरी का परिणाम 58.58 और हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम 68.16 प्रतिशत रहा

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

देवास- हाई स्कूल और माध्यमिक शिक्षा मंडल हायर सेकेंडरी स्कूल परीक्षा के परिणाम  घोषित हो गया। परीक्षा परिणाम जानने के बाद छात्र-छात्राओं के चेहरे खिल उठे। इस वर्ष देवास की हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणाम 58.58 प्रतिशत तो हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम 68.16 प्रतिशत रहा। हालांकि प्रदेश में कक्षा दसवीं में संभाग स्तर पर देवास जिला दूसरे व कक्षा बारहवीं में चौथे स्थान पर रहा। जिले की मेरिट सूची में उत्कृष्ट विद्यालय देवास की कक्षा 10वीं की छात्रा साक्षी पिता कमल तोमर निवासी 235 एल आईजी मुखर्जी नगर ने 500 में से 484 नंबर प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। परिणाम आने के बाद स्कूलों में मिठाई खिलाकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया।
प्रदेश की प्रावीण्य सूची में मिला 10वां स्थान

उत्कृष्ट स्कूल के चेतन झाड़े ने 485 अंकों के साथ प्रदेश में 10वां स्थान प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि मैंने 3 से 4 घंटे पढ़ाई की और रिवीजन किया। उसके बाद ही यह मुकाम हासिल किया। मैंने स्कूल और घर पर ही पढ़ाई की है। मैंने कभी कोई कोचिंग नहीं ली। मैं मैथ्स लेकर डाटा साइंटिस्ट बनना चाहता हूं, यह फील्ड मुझे बहुत पसंद है। मेरे परिवार में माता पिता और मेरा भाई है। पिताजी गजरा गियर्स में जॉब करते हैं। मैं इसका श्रेय सभी शिक्षकों और अपने माता-पिता को देना चाहता हूं। मैं युवाओं को संदेश देना चाहता हूं कि ज्यादा से ज्यादा से मेहनत करते रहो इसका फल जरूर मिलेगा।
इधर छात्राओं ने मारी बाजी

परीक्षा परिणामों में देवास जिले की दो छात्राओं ने कक्षा 12वीं में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की मेरिट में स्थान बनाया। कन्नौद के सरकारी स्कूल में पढऩे वाली छात्रा कंचन को पूरे प्रदेश में ललित कला गृह विज्ञान संकाय में 460 अंकों के साथ मैरिट सूची में पहला स्थान मिला है। वहीं संदलपुर के निजी स्कूल की छात्रा जया गुर्जर ने वाणिज्य संकाय में 472 अंकों के साथ प्रदेश में आठवां स्थान प्राप्त किया है।

कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने परीक्षा में उत्तीर्ण सभी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी सफल नहीं हुए हैं वे हताश, निराश न हों। असफलता हमारे रास्ते बंद नहीं करती हमें सिखाती है। जो कमियां रह गई हैं उन्हें दूर कर फिर मेहनत कर सफल होंगे। आपके सामने पूरा खुला आसमान है उड़ान भरने के लिये। उन्होंने कहा है कि वे असफलता से घबराये नहीं, आगे और अच्छे से मेहनत कर सफलता अर्जित करें। कलेक्टर ने उत्कृष्ट विद्यालय देवास के 10वीं के छात्र चेतन झाडे को प्रदेश में दसवीं रैंक प्राप्त करने पर कलेक्टर कार्यालय में मिठाई खिलाकर बधाई और शुभकामनाएं दी।

Views Today: 2

Total Views: 144

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!