अनोखा तीर, रहटगांव। करीबी ग्राम पंचायत नजरपुरा में बुधवार को कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक संजय शाह ने कालोनी के पट्टे वितरण एवं विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस दौरान सरपंच श्रीमती आशा किरार एवं उप सरपंच दुर्गाप्रसाद चौहान मौजूद रहे। कार्यक्रम में ग्राम की ५ एकड़ आबादी भूमि पर आवासीय कालोनी का भूमिजन एवं मुख्यमंत्री भू अधिकार पटट्टे वितरण कार्य किया गया। ग्राम नजऱपुरा-मोहनपुर में 1 करोड़ 48 लाख, उमरधा 27 लाख 41 हजार की नल जल योजना का लोकार्पण। ग्राम मोहनपुर में सुलभ शौचालय, 200 मीटर आरसीसी रोड, 200 मीटर नाली निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। सरपंच आशा किरार ने विधायक संजय शाह का स्वागत करते हुए नजऱपुरा को विकास कार्यो की सौगात देने पर धन्यवाद दिया। साथ ही मांग रखी कि ग्राम के पुराने पंचायत भवन को तोड़कर नवीन भवन हाल बनाने की मांग रखी। जिसको विधायक द्वारा जल्द ही हाल की राशि उपलब्ध करने का आश्वासन दिया गया। इस दौरान विधायक संजय शाह ने अपने उदबोधन में कहा कि वर्ष 2003 के बाद से लेकर भाजपा कार्यकाल में क्षेत्र में लगातार विकास हुआ है। क्षेत्र में जो भी विकास दिख रहे हैं और हो रहे हैं वह सब भाजपा की ही देन है। जिसमें अनेकों पुल-रोड, सड़क, रपटें पानी की टंकी सहित अन्य विकास कार्य शामिल है। इस दौरान टिमरनी एसडीएम महेश बडोले, रहटगांव तहसीलदार प्रमेश जैन, भाजपा मंडल अध्यक्ष ब्रजमोहन सोलंकी, विधायक प्रतिनिधि हरिओम पटेल, सचिव रामकृष्ण कुशवाहा, सुभाष किरार सहित ग्राम पंचायत के पंच एवं भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।


