Skip to content
Monday, 12 October 2026
हरदा

सड़क पर पानी का टैंकर, ट्राफिक ध्वस्त

2 min read
Text Size:

 

अनोखा तीर, हरदा। भीषण गर्मी के दिनों में नगर पालिका परिषद जल अभावग्रस्त इलाकों में टैंकरों के जरिये जल वितरण व्यवस्था को बखूबी निभा रही है। परंतु इन सबके बीच कुछ जगहों पर जल वितरण के चलते ट्राफिक व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो जाती है। जिसका खामियाजा वाहन चालकों को भुगतना पड़ता है। ऐसा ही एक दृश्य खंडवा बायपास पर कब्रिस्तान के पास देखने को मिला। जहां पानी का टैंकर पहुंचते ही मोहल्ले के लोग टूट पड़ते हैं। जिसके चलते करीब एक घंटा सड़क पर अव्यवस्था का आलम रहता है। आधी सड़क टैंकर और पानी भरने वाले घेर लेते हैं। यही कारण है कि यहां पल-पल पर हेवी वाहनों के पहिये थम रहे थे। वहीं रह-रहकर जाम की स्थिति निर्मित हो रही थी। जिसमें फंसकर दो एवं चारपहिया वाहन के चालक बायपास पर व्याप्त अव्यवस्था को जमकर कोस रहे थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार इलाके में हर एक दिन के आड़ में टैंकर पहुंचता है। बायपास पर व्यवस्था ना बिगड़े, इस लिहाज से इसका समाधान तलाशने की आवश्यकता है।

नही पहुंची पेयजल लाइन

जानकारी के अनुसार बायपास के आसपास का आबादी क्षेत्र फिलहाल नर्मदा जल की लाइन से वंचित है। हाल ही में ये इलाका शहरी सीमा में शामिल होकर नवीन वार्ड क्रमांक 31 में तब्दील हुआ है। जहां आज नही तो कल पेयजल लाइन का विस्तार तय है। हालांकि जब तक यहां के वाशिंदें खासकर गर्मी के दिनों में पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। जलसंकट से निपटने कई परिवारों ने ट्यूबवेल कराए हैं। जबकि कुछ परिवार हैंडपंप पर निर्भर रहते हैं।

बायपास पर हादसे का डर

बता दें कि खंडवा बायपास मार्ग पर दिनभर वाहनों का आवागमन बना रहता है, जो देर रात तक चलता है। इनमें निजी वाहनों के अलावा हेवी वाहन भी शामिल रहते हैं। ऐसे में बायपास स्थित अंधे मोडों पर संकेतक लगाए जाने की जरूरत है। साथ ही सड़क पर टैंकर से जल वितरण व्यवस्था में बदलाव की दरकार है। ताकि बायपास पर वाहन दुर्घटना की तमाम आशंकाओं पर विराम लग सके। इसके अलावा जहां साइड सोल्डर खाली हैं, उन्हें भरा जाना चाहिये।

114 Views
What do you think?

Leave a Reply