-न्यायालयीन कर्मचारीगणों ने संविधान उद्देशिका की शपथ ग्रहण की
अनोखा तीर, हरदा। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर एवं प्रधान जिला न्यायाधीश अरविंद रघुवंशी के मार्गदर्शन में गुरुवार को जिला न्यायालय, हरदा एवं सेवा सदन युवालय हरदा में भारतीय संविधान दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरदा द्वारा विधिक जागरूकता शिविर एवं संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। जिला न्यायालय में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद रघुवंशी ने संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने संविधान की प्रस्तावना के महत्व को बताया और उपस्थित सभी को संविधान के प्रति सम्मान बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर न्यायाधीशों और कर्मचारियों ने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कर शपथ ली। सेवा सदन युवालय में जिला न्यायाधीश व सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सुरेश कुमार सूर्यवंशी ने संविधान के महत्व, मौलिक अधिकार और मौलिक कर्तव्यों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि समानता, स्वतंत्रता और शोषण के विरुद्ध अधिकार व्यक्ति के विकास के लिए आवश्यक हैं, वहीं संविधान का पालन, राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्रगान का सम्मान तथा देश की रक्षा नागरिकों का दायित्व है। उन्होंने विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया और शोषण की स्थिति में शिकायत व सहायता के माध्यमों की जानकारी भी दी। विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान संवाद व प्रश्नोत्तर से किया गया। कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय सुधीर कुमार चौधरी, विशेष न्यायाधीश जयदीप सिंह, अन्य न्यायाधीशगण, अध्यक्ष जिला अधिवक्ता संघ जगदीश विश्वकर्मा, सचिव शैलेन्द्र जोशी सहित अधिवक्तागण, लीगल एड डिफेंस काउंसिल्स, न्यायालयीन कर्मचारीगण व पैरालीगल वॉलेंटियर्स उपस्थित रहे।







